जयपुर ब्यूरो रिपोर्ट। 

राजस्थान में आज कोरोना केसों में जबरदस्त बढ़ोतरी हुई है। पिछले 24 घंटे में 355 नए मरीज मिले है, जबकि एक की मौत हो गई। राज्य में भले ही केस बढ़ रहे हो, लेकिन सीरियस मरीजों की संख्या बहुत कम है। वहीं प्रदेश में एक्टिव मरीजों की संख्या एक हजार से ऊपर हो गई।

मेडिकल हेल्थ डिपार्टमेंट से जारी रिपोर्ट के मुताबिक आज पूरे दिन में 2626 लोगों के सैंपल की जांच की गई, जिसमें से 355 की रिपोर्ट पॉजिटिव मिली है। सबसे ज्यादा 82 केस जयपुर में मिले है। इसके अलावा राजसमंद में 36, जोधपुर 28, झालावाड़ 24, अजमेर 28, बीकानेर 21, उदयपुर 20, बूंदी 19, पाली 15 और सवाई माधोपुर में 14 केस मिले है। राज्य में इतने केस मिलने के साथ ही एक्टिव मरीजों की संख्या 1245 हो गई। सबसे ज्यादा एक्टिव केस जयपुर में 349 है।

12 दिन में 10 मरीजों की मौत

कोरोना से मौत का आंकड़ा भी बढ़ने लगा है। इस महीने 12 दिन में 10 मौत हो चुकी है। 6 अप्रैल को कोरोना के 100 केस सामने आए थे। जिसके बाद कोरोना ने रफ्तार पकड़ ली और हर दिन तेज गति से कोरोना के मामले बढ़ने लगे। 11 अप्रैल को कोरोना के 190 केस और 12 अप्रैल को 355 केस सामने आए है।

मास्क पहनकर निकलने की सलाह

हेल्थ सेक्टर से जुड़े विशेषज्ञों ने अब कोरोना के बढ़ते केसों को देखते हुए लोगों को भीड़भाड़ के इलाकों में मास्क पहनकर निकलने की सलाह दी है। वहीं पहले से बीमार लोग (शुगर, हार्ट, किडनी के मरीजों) को ज्यादा सावधानी बरतने की सलाह दी है। विशेषज्ञों का कहना है कि कोरोना का नया वैरियंट ज्यादा घातक नहीं है, लेकिन पहले से बीमार लोगों को सतर्क रहने की जरूरत है।