कोटा ब्यूरो रिपोर्ट। 

देश की सबसे बड़ी इंजीनियरिंग प्रवेश परीक्षा जेईई-मेन अप्रैल गुरुवार 6 अप्रैल से शुरू होने जा रही है। इसके लिए विद्यार्थी भी तैयार हैं और नेशनल टेस्टिंग एजेंसी की भी तैयारियां पूरी हो गई है। बीई-बीटेक के लिए जेईई-मेन अप्रैल परीक्षा 6, 8, 10, 11, 12, 13 एवं 15 अप्रैल होगी। वहीं 12 अप्रैल को बीआर्क के लिए परीक्षा होगी। परीक्षाएं दो शिफ्टों में सुबह 9 से 12 और दोपहर 3 से 6 बजे के बीच में होगी। देश के 315 और विदेश में 15 शहरों में यह परीक्षा आयोजित की जा रही है। अप्रैल परीक्षा के लिए 9 लाख 40 हज़ार विद्यार्थियों ने आवेदन किया है। राजस्थान में 17 शहरों में परीक्षा होगी, जिसमें अजमेर, अलवर, बाडमेर, भरतपुर, भीलवाड़ा, बीकानेर, चित्तौड़, दौसा, हनुमानगढ़, जयपुर, झुंझुनूं, जोधपुर, कोटा, सीकर, सिरोही, श्रीगंगानगर व उदयपुर में परीक्षा केन्द्र होंगे। पहले दिन कोटा शहर में दो परीक्षा केंद्र शिव ज्योति इंटरनेशनल ल स्कूल रानपुर एवं राजीव गाँधी कंप्यूटर साक्षरता मिशन झालावाड़ रोड में परीक्षा होगी।

एनआईटी की एक सीट के लिए 50 स्टूडेंट्स में होगा कम्पटीशन

एजुकेशन एक्सपर्ट अमित आहूजा ने बताया कि जेईई-मेन 2023 के लिए यूनिक कैंडिडेट की संख्या 12 लाख तक पहुंच गई है जो की गत वर्ष से 1 लाख ज्यादा है। पूर्व में जनवरी परीक्षा के लिए 9 लाख स्टूडेंट्स पंजीकृत हुए एवं अब अप्रैल परीक्षा के लिए 3 लाख 20 हज़ार स्टूडेंट्स ने नए आवेदन किया है ये वे हैं पहली बार अप्रैल परीक्षा में बैठ रहे है। जेईई-मेन के आधार पर मिलने वाले एनआईटी की संख्या करीब 24 हज़ार है ऐसे में एनआईटी की हर सीट के लिए करीब 50 स्टूडेंट्स ने कम्पटीशन रहेगा। पूर्व में जब परीक्षा शहर जारी किए गए तो उसमें स्टूडेंट्स को चारों विकल्पों में भरे गए परीक्षा शहर मिलने पर एनटीए को ई-मेल कर जानकारी दी गई थी।

इन बातों का रखें विशेष ध्यान

आहूजा ने बताया कि विद्यार्थियों को एडमिट कार्ड पर दिए गए स्वयं के रिपोर्टिंग टाइम पर रिपोर्ट करना है। स्टूडेंट्स पेपर प्रारंभ होने से 10 मिनट पूर्व दिए गए सिस्टम पर लॉगिन कर सकता है। लॉगिन कर स्टूडेंट्स को दिए गए इंस्ट्रक्शंस को अच्छी तरह से पढ़ना चाहिए। स्टूडेंट्स परीक्षा के दौरान प्रश्न पत्रों को हल करने की स्पीड एवं एक्यूरेसी में संतुलन बनाए रखें, ताकि उनका प्रश्न पत्र निर्धारित समय में हल हो सके।परीक्षा शुरू होने से आधा घंटे पहले प्रवेश बंद कर दिए जाएंगे। विद्यार्थियों को प्रवेश पत्र में दिए गए बार कोड रीडर के माध्यम से लैब आवंटित की जाएगी। विद्यार्थियों को थ्री-लेयर मास्क भी दिया जाएगा, जिसे विद्यार्थी को परीक्षा देते समय उपयोग करना अनिवार्य होगा।