जोधपुर न्यूरो रिपोर्ट।  

मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने इस बार बजट और पूरक बजट के साथ कुल 3 बार घोषणाएं कर जोधपुर को कई सौगातें दी हैं। मंगलवार को जब वे राजस्थान इंटरनेशनल एक्सपो के मंच पर थे तब उद्योग जगत की ओर से उनके सामने मांगे रखी गई, जिसमें से उन्होंने हाथों-हाथ चार मांगों को स्वीकार करते हुए उनकी घोषणा भी कर दी।

उसमें से उप स्वास्थ्य केंद्र को पीएचसी में प्रमोट करने का आदेश भी कुछ ही घंटों में जारी हो गया।

यह प्रमुख चार घोषणाएं

1. राजस्थान इंटरनेशनल एक्सपोर्ट इस बार पहली बार आयोजित हुआ है, अब हर साल जोधपुर में ही होगा।

2. हस्तशिल्प निदेशालय जोधपुर में खोला जाएगा।

3. बोरानाडा में एक्सपो के लिए स्थायी भवन बनेगा।

4. बोरानाडा औद्योगिक क्षेत्र में कार्यरत लोगों के लिए उप स्वास्थ्य केंद्र को पीएचसी में प्रमोट किया जाएगा।

2 घंटे में आदेश जारी

मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने इधर दोपहर करीब 12.30 बजे घोषणा की और उधर दो घंटे में ही आदेश भी जारी हो गया। अशोक गहलोत ने उद्यमियों और श्रमिकों की मांग के मद्देनज़र बोरानाड़ा औद्योगिक क्षेत्र के उपस्वास्थ्य केन्द्र को प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र में क्रमोन्नत किए जाने की घोषणा की।

कुछ ही मिनटों में राज्य सरकार द्वारा इसके लिए आदेश भी जारी हो गया।

20 एक्सपोर्टर्स को मिला सम्मान

इसमें स्माइलेक्स सिलियम इम्पेक्स कंपनी (जयपुर), आम्रपाली एक्सपोर्ट्स (जयपुर), लटियाल हैण्डीक्राफ्ट्स प्राइवेट लिमिटेड (जोधपुर), वर्ल्ड ऑफ स्टोन्स प्राइवेट लिमिटेड (कोटा), नितिन स्पिनर्स (भीलवाड़ा), मल्टीमेटल्स लिमिटेड (कोटा) एवं पेसिफिक बल्क बैग्सप्राइवेट लिमिटेड (उदयपुर) को दो श्रेणियों में पुरस्कार प्रदान किए गए। साथ ही, सनपॉलिटेक्स प्राइवेट लिमिटेड (उदयपुर), राधिका एक्जिम (जयपुर), जयपुर रग्स कम्पनी प्राइवेट लिमिटेड (जयपुर), राजधानी क्राफ्ट्स इण्डस्ट्रीज प्राइवेट लिमिटेड (जयपुर ), आरएसडब्ल्यूएम लिमिटेड (रींगस, सीकर) एवं मेडनेक्स्ट बायोटेक लिमिटेड (उदयपुर) को भी राजस्थान निर्यात पुरस्कार 2021 प्रदान किया गया।

समारोह में राजसिको चेयरमैन राजीव अरोड़ा, पशुधन विकास बोर्ड अध्यक्ष राजेन्द्र सोलंकी, राजस्थान संगीत नाटक अकादमी अध्यक्ष बिनाका जैश मालू, राज्य मेला प्राधिकरण के उपाध्यक्ष रमेश बोराणा, राज्य गौ सेवा आयोग उपाध्यक्ष सुमेर सिंह राजपुरोहित, महापौर कुन्ती देवड़ा परिहार, राजस्थान फाउंडेशन के आयुक्त धीरज श्रीवास्तव व अन्य मौजूद रहे।

इन्वेस्ट राजस्थान के 50 प्रतिशत एमओयू धरातल पर

गहलोत ने कहा कि इन्वेस्ट राजस्थान में 11 लाख करोड़ में एमओयू, एलओआई हस्ताक्षर हुए। राज्य के लिए शुभ संकेत है कि इनमें से 50 प्रतिशत धरातल पर उतरने वाले हैं। रिप्स-2022 में दिए कस्टमाइज पैकेज की पूरे देश में चर्चा है।

इससे राष्ट्रीय-अंतर्राष्ट्रीय निवेशकों में विश्वास बढ़ा है और वे राज्य में इकाईयां स्थापित करने आ रहे हैं। साथ ही, जयपुर और उदयपुर में एयरकार्गो की स्थापना से भी निर्यात बढ़ेगा। बाड़मेर में रिफाइनरी, पेट्रोकैमिकल्स कॉम्प्लैक्स की स्थापना और दिल्ली-मुम्बई इंडस्ट्रियल कॉरिडोर से हजारों इकाईयां लगेंगी।

कांच टूटा, Acp को आई चोट

राजस्थान इंटरनेशनल एक्सपो में सीएम जब विजिट कर रहे थे तो आपाथापी में एक्सपो में लगा कांच टूट गया। इसमे एसीपी चक्रवर्ती सिंह को चोट आई।