जयपुर ब्यूरो रिपोर्ट।  

राजस्थान में राज्य कर्मचारियों को पुरानी पेंशन स्कीम (ओपीएस) का फायदा देने के लिए की गई घोषणा के बाद अब इसकी मांग केन्द्रीय कर्मचारी भी उठाने लगे है। जयपुर में रेलवे कर्मचारियों ने आज ओपीएस शुरू करने की मांग को लेकर प्रदर्शन किया और रैली निकाली। जयपुर रेलवे जंक्शन से निकाली ये रैली खासा कोठी चौराहा, कलेक्ट्रेट, कबीर मार्ग होकर डीआरएम ऑफिस तक निकाली गई।

आगामी लोकसभा चुनावों को देखते हुए मजदूर संगठन कर्मचारियों को उनका हक दिलाने के लिए रेलवे कर्मचारियों ने इस रैली का संचालन किया। उत्तर पश्चिम रेलवे कर्मचारी यूनियन के मंडल अध्यक्ष के.एस. अहलावत, मंडल मंत्री मुकेश चतुर्वेदी और जीएलओ अध्यक्ष सुभाष पारीक ने रैली के बाद बयान देते हुए कहा कि देश में अब वही राज करेगा जो पुरानी पेंशन योजना की बात करेगा। इस मौके पर कर्मचारियों ने एनपीएस गो बैक समेत अन्य नारे लगाते हुए पुरानी पेंशन योजना बहाली की मांग की।

रैली की शुरूआत आज दोपहर को जयपुर रेलवे जंक्शन से हुई, जो स्टेशन रोड, खासा कोठी चौराहा, कलेक्ट्रेट सर्किल, कबीर मार्ग, राम मंदिर रोड होते हुए डीआरएम ऑफिस पहुची। इस मौके पर संयुक्त मोर्चे के संयोजक और यूनियन के महामंत्री मुकेश माथुर, सुभाष पारीक, सौरभ दीक्षित, विनीत मान, राम सिंह, राजेंद्र मीना, बीएम सुंडा, भरत लाल मीना ने कहा कि कोई भी सरकार युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ नहीं कर सकती। उन्होंने कहा कि जब राज्य कर्मचारियों के लिए राज्य सरकार ने ओपीएस लागू कर सकती है, तो केंद्र सरकार इसे लागू क्यों नहीं कर सकती। वक्ताओं ने कहा कि पेंशन किसी संस्थान में लगभग 35-40 वर्षों की सेवा का प्रतिफल है और कर्मचारी के बुढ़ापे की लाठी है, ऐसे में सरकारें कर्मचारियों से यह अधिकार कैसे छीन सकती है? प्रदर्शन कर रहे कर्मचारियों ने केंद्र सरकार को चेतावनी दी कि यदि अपनी जिद नहीं छोड़ी, तो इसका खामियाजा उन्हें आगामी लोकसभा चुनाव में भुगतना पड़ेगा।