हिंडौन सिटी होली का त्यौहार अब दो परिवारों को अपनों की हमेशा याद दिलाता रहेगा। होली की रात हिंडौन-बयाना मार्ग पर एकोरासी मोड के पास दो बाइकों की हुई आमने-सामने की भिड़ंत में दोनों बाइको ंपर सवार चाचा-भतीजा सहित तीन लोगों की मौत हो गई। दो जनों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि एक जने की जयपुर में उपचार के दौरान मौत हो गई। मृतकों में चाचा-भतीजा गांव फौजीकापुरा निवासी महेन्द्र जाटव(40) व राहुल जाटव(18) व कारवाड़ी निवासी सुरेन्द्र उर्फ पिंटू गुर्जर(22) है।
बताया जा रहा है कि दोनों बाइकों की रफ्तार तेज होने से दुर्घटना के बाद दोनों बाइक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। बाइकों के नंबरों के आधार पर मृतकों की पहचान होने पर परिजनों को बुलाया गया। पुलिस ने दुर्घटना के बाद सभी को हिंडौन के राजकीय अस्पताल में भर्ती कराया। जहां डॉक्टरों ने पिंटू व राहुल को मृत घोषित कर दिया। जबकि महेन्द्र जाटव की हालत गंभीर होने पर जयपुर रेफर कर दिया था। जयपुर में उपचार के दौरान उनकी भी मौत हो गई। फौजीकापुरा निवासी दोनों मृतक रिश्ते में चाचा भतीजा थे, जो कि अविवाहित थे। जबकि कारवाडी के पिंटू गुर्जर की शादी 13 दिन पहले ही कांदरौली की निवासी युवती के साथ हुई थी। दोनों ही परिवारों के अलावा इनके गांवों में शोक का माहौल बना हुआ है।
बाइकों की तेज रफ्तार ने छीन ली जिंदगी
नई मंडी थाना के नीरज शर्मा ने बताया कि बयाना के गांव कारवाडी निवासी पिंटू गुर्जर(22) पुत्र रामसहाय गुर्जर की शादी करीब 13 दिन पहले हिंडौन के गांव कांदरौली निवासी युवती के साथ हुई थी। जो कि पीहर में थी। पिंटू गुर्जर होली की रात बाइक से ससुराल में धुलंडी के दिन होली खेलने व पत्नी से मिलने जा रहा था। जबकि टोडाभीम के गांव फौजीपुरा निवासी चाचा-भतीजा महेन्द्र जाटव(40) पुत्र नत्थीराम जाटव व राहुल जाटव(18) पुत्र मुकेश जाटव दोनों बाइक से सूरौठ के पास रिश्तेदारी में शादी कार्यक्रम में शामिल होने के लिए जा रहे थे। एकोरासी मोड के पास दोनों की बाइकों की टक्कर हो गई। तेज रफ्तार होने के कारण ही दोनों बाइक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। इनमें पिंटू व राहुल की मौके पर मौत हो गई और महेन्द्र गंभीर रुप से घायल हो गए। सूचना मिलने पर सूरौठ थाना पुलिस ने सभी को हिंडौन के राजकीय अस्पताल में पहुंचाया। जहां पिंटू व राहुल को मृत घोषित कर दिया,जबकि महेन्द्र को जयपुर रेफर कर दिया। महेन्द्र की जयपुर में मौत हो गई।
मेहंदी का रंग छूटने से पहले ही विवाहिता का मिट गया मांग का सिंदूर
कारवाडी निवासी मृतक सुरेन्द्र उर्फ पिंटू गुर्जर के रिश्ते में भाई लगने वाले सत्यप्रकाश छाबड़ी ने बताया कि सुरेन्द्र उर्फ पिंटू की शादी 22 फरवरी 2023 को ही कांदरौली निवासी युवती अन्नू के साथ हुई थी। ऐसे में सुरेन्द्र की मौत से पत्नी अन्नू का बुरा हाल है और शादी की मेहंदी का रंग छूटने से पहले ही मांग का सिंदूृर उजड़ जाने पूरे परिवार में कोहराम मचा हुआ है। दो भाईयों में सुरेन्द्र बड़ा था और पॉलिटेक्निक की पढ़ाई कर रहा था।
अविवाहित थे चाचा भतीजे, मां से छिन गया बेटे का सहारा
फौजीपुरा निवासी मृतक चाचा-भतीजे अविवाहित थे। राहुल के पिता की करीब 6 साल पूर्व बीमारी से निधन होने पर राहुल व दो बहनों की परवरिश का जिम्मा चाचा महेन्द्र जाटव व मां शारदा देवी पर ही था। राहुल जाटव स्नातक प्रथम वर्ष का छात्र था जो श्री महावीर जी के एक निजी कॉलेज में पढ़ाई कर रहा था। राहुल जाटव पुत्र मुकेश जाटव घर में इकलौता था। उनके दो बहन है, जिनकी पूर्व में ही शादी हो चुकी है। राहुल की मौत से घर का चिराग बुझने के साथ मां से बेटे का सहारा भी छिन गया है। मां शारदा देवी का रो-रोकर बुरा हाल बना हुआ है।


0 टिप्पणियाँ