जयपुर ब्यूरो रिपोर्ट।
राजस्थान में तीसरे दिन भी मौसम बदला रहा। जयपुर समेत राज्य के कई हिस्सों में बुधवार को फिर बारिश के साथ ओले गिरे। कई जगहों पर बादल छाए रहे। माउंट आबू में दोपहर 2:30 बजे बारिश हुई, ओले गिरे। इस दौरान हर तरफ बर्फ ही बर्फ दिखी। 20 मिनट की तेज बारिश से सड़कों पर पानी बहने लगा। इससे पहले मंगलवार देर शाम से रातभर जयपुर, कोटा, बीकानेर संभाग में तेज आंधी के साथ बारिश हुई और ओले गिरे।
मौसम की सबसे ज्यादा मार किसानों पर पड़ी है। खेतों में तैयार खड़ी गेहूं, चना, सरसों, जीरे की फसलों को बड़ा नुकसान पहुंचा है। बारिश- ओले और तेज हवाओं से फसलें खेतों में बिछ गईं। मौसम विभाग ने बुधवार शाम से मौसम के साफ होने का अनुमान जताया है। अब अगले 4-5 दिन मौसम शुष्क रहने की संभावना जताई गई।
रेगिस्तानी जिलों में भी बहा पानी
इधर, रेगिस्तानी जिले जैसलमेर, बाड़मेर के भी कई हिस्सों में कल तेज बारिश हुई और यहां कुछ जगहों पर छोटे आकार के ओले गिरे। बाड़मेर में तेज हवाओं के साथ बारिश होने रात-दिन का टेम्प्रेचर करीब 2 डिग्री तक गिर गया। खेतों में पानी भर कर बहने लगा। जैसलमेर के फतेहगढ़ में एक इंच से ज्यादा बरसात हुई।
जयपुर में तेज आंधी के साथ बारिश
राजधानी जयपुर में मंगलवार देर शाम मौसम बदला और धूलभरी आंधी चलने लगी। रात करीब 9 बजे से बारिश भी शुरू हो गई। जेएलएन मार्ग, जगतपुरा, वैशाली नगर, गोपालपुरा बाइपास, प्रताप नगर, खातीपुरा रोड, टोंक रोड, सहकार मार्ग पर रुक-रुक कर रात 11 बजे तक बरसात होती रही।
इन जिलों में हुई बरसात
बाड़मेर, जयपुर, भीलवाड़ा, डूंगरपुर, बीकानेर, सीकर, टोंक, जैसलमेर, अलवर, दौसा, अजमेर, पाली, जालोर, राजसमंद के अलावा अन्य कई जिलों में पिछले 24 घंटे के दौरान 1 से लेकर 26MM तक बारिश हुई। जैसलमेर में सबसे ज्यादा 26MM पानी बरसा। जयपुर, सीकर, टोंक समेत कई जगहों पर 30-35KM स्पीड से हवाएं भी चलीं।
सीकर में सुबह-सुबह बूंदाबांदी, बादल
सीकर में 7 मार्च की शाम 4:00 बजे बाद से ही बादलों की आवाजाही का दौर शुरू हो गया था। रात को तेज हवाओं के साथ मंगलवार रात करीब 12:00 बजे तक बारिश हुई। बुधवार सुबह 7:30 बजे के करीब 20 मिनट तक बूंदाबांदी हुई। बादल छाए हुए हैं।
बीकानेर के लूणकरणसर में किसानों की मेहनत चौपट हो गई। यहां कांकडवाला व आसपास के इलाकों में बारिश के साथ ओले गिरे हैं। किसान ओम प्रकाश ने बताया कि फसलें बचने की उम्मीद नहीं है। सरसों, गेहूं, चने की फसलें खेतों में तैयार थीं।
बाड़मेर में बिजली गिरने से मवेशियों की हुई मौत
बाड़मेर में बारिश और ओलावृष्टि से फसलें चौपट हो गईं। मंगलवार को दोपहर बाद शुरू हुई तेज आंधी के साथ बारिश व ओलावृष्टि का दौर देर रात तक चलता रहा। जिले के शिव, बायतु, धोरीमन्ना, गुड़ामालानी इलाके के कई गांवों में तेज बरसात आई, ओले गिरे। किसानों की जीरे, इसबगोल की पकी-पकाई फसलों को बड़ा नुकसान पहुंचा है। इस सिलसिले में सीएम को पत्र लिखकर राहत पहुंचाने की मांग की गई है। बिजली गिरने मवेशियों की मौत की खबरें आ रही हैं।
टोंक में तड़के सुबह से ही बारिश
टोंक जिले में बुधवार सुबह करीब 4 बजे बारिश हो रही है। दूनी और सोप तहसील क्षेत्र में कई जगह ओले भी गिरे हैं। ओले गिरने से फसलें खेतों में बिखर गई हैं। दरअसल, मंगलवार देर शाम को अचानक मौसम बदल गया और तेज बारिश के साथ ओलावृष्टि हुई। मौसम बदलने से रात-दिन के तापमान में गिरावट देखी गई है। बुधवार को न्यूनतम तापमान 17 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है।
फतेहपुर में छाए बादल
सीकर के फतेहपुर कस्बे में मंगलवार रात अचानक आसमान में बादलों की काली घटा छा गई। किसानों के खेतों में गेहूं, जौ, चना, सरसों की फसलें, लगभग पक चुकी हैं। बड़ी संख्या में किसान अपनी फसलों की कटाई कर रहे हैं। ऐसे में बदले मौसम ने मुसीबत खड़ी कर दी है।
डूंगरपुर में बेर के आकार के ओले गिरे
डूंगरपुर में मंगलवार शाम को अचानक मौसम का मिजाज बदल गया। आसमान में बादल छाने के साथ बारिश शुरू हुई। बेर के आकार के ओले गिरने लगे। यहां आसपास के इलाके में करीब 1 घंटे तक बारिश होती रही। बताया जा रहा है कि खेतों में खड़ी गेहूं सहित अन्य फसलों को भारी नुकसान पहुंचा है।
जैसलमेर के रेगिस्तान में बेमौसम बारिश
जैसलमेर के शहरी और ग्रामीण इलाकों में मंगलवार को एक बार फिर से बरसात हुई। एक ओर जहां लोगों को गर्मी से राहत मिली वहीं, किसानों की चिंता बढ़ गई। दो दिन पहले भी यहां बारिश और ओलावृष्टि हुई थी। इससे किसानों को बहुत नुकसान हुआ था।
अब आगे कैसा रहेगा मौसम
जयपुर मौसम केन्द्र के निदेशक राधेश्याम शर्मा ने बताया कि आज शाम से राज्य में मौसम साफ होने लगेगा और अगले 4 दिन मौसम शुष्क रहेगा। उन्होंने बताया कि एक नया पश्चिमी विक्षोभ 13 मार्च से राज्य में फिर एक्टिव होगा और थंडरस्टॉर्म एक्टिविटी होने की संभावना है।
प्रदेश के प्रमुख शहरों का आज का तापमान
| शहर | अधिकतम | न्यूनतम |
| अजमेर | 32.8 | 17.3 |
| अलवर | 30.8 | 14.6 |
| बाड़मेर | 34 | 19.8 |
| भीलवाड़ा | 32 | 14.6 |
| बीकानेर | 34 | 16.3 |
| चित्तौड़गढ़ | 33.8 | 16.2 |
| चूरू | 33.4 | 17.4 |
| जयपुर | 32.2 | 19.5 |
| जैसलमेर | 34.6 | 16.3 |
| जोधपुर | 34.1 | 17.4 |
| कोटा | 34.1 | 17.3 |
| पिलानी | 32 | 16.7 |
| सीकर | 30.5 | 15.8 |
| गंगानगर | 32.5 | 15.4 |
| उदयपुर | 30.5 | 16.4 |


0 टिप्पणियाँ