जयपुर ब्यूरो रिपोर्ट।
प्रदेश में एडवोकेट्स प्रोटेक्शन एक्ट को लागू करने की मांग पर 20 फरवरी से चल रहा न्यायिक कार्य बहिष्कार विधानसभा में एडवोकेट्स बिल के 21 मार्च को पारित होने तक जारी रहेगा। यह निर्णय शुक्रवार को दी बार एसोसिएशन जयपुर व जोधपुर में हुई संघर्ष समिति की बैठक में प्रदेश की सभी बार एसोसिएशनों की सहमति से लिया गया। वहीं समिति ने 13 मार्च को होने वाला विधानसभा का घेराव भी स्थगित कर दिया है।
प्रदेश की संघर्ष समिति के मुख्य संयोजक व दी बार एसोसिएशन जयपुर के अध्यक्ष कमल किशोर शर्मा व महासचिव मनोज शर्मा ने बताया कि जोधपुर व जयपुर के वकीलों के प्रतिनिधियों की गुरुवार को विधि व संसदीय कार्य मंत्री शांति धारीवाल सहित अन्य मंत्रियों से वार्ता हुई थी। इसमें राज्य सरकार की ओर से एडवोकेट्स प्रोटेक्शन बिल को 15 मार्च को विधानसभा में पेश करने और 21 को इसे पारित करने पर सहमति बनी थी। राज्य सरकार की ओर से एडवोकेट्स प्रोटेक्शन एक्ट पर सकारात्मक रवैये को देखते हुए वकीलों ने 13 मार्च को विधानसभा घेराव को स्थगित किया है। यदि राज्य सरकार किन्हीं कारणों से इस बिल को 21 को पारित नहीं कर पाई तो संघर्ष समिति द्वारा आंदोलन का संयुक्त आंदोलन की रूपरेखा तय की जाएगी और कोर्ट में न्यायिक कार्य को स्थगित रखा जाएगा।
भाजपा प्रदेशाध्यक्ष ने कहा-बिल को पारित करवाने में पूरा सहयोग करेंगे
वहीं भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सतीश पूनिया ने भी सेशन कोर्ट परिसर में वकीलों के कार्यक्रम में कहा कि विधानसभा सत्र शुरू होते हुए इस मुद्दे को उठाया था। राज्य सरकार जब भी वकीलों की सुरक्षा वाले इस बिल को लाएगी तो हम इसे पारित करवाने में पूरा सहयोग करेंगे। इस दौरान बीसीआर के को-चेयरमैन व बीजेपी विधि प्रकोष्ठ के प्रदेश सह-संयोजक भुवनेश शर्मा, दी बार एसोसिएशन जयपुर के पूर्व अध्यक्ष सुभाष खंडेलवाल व सुबोध शर्मा, पूर्व महासचिव संदीप लुहाड़िया, अधिवक्ता विकास सोमानी सहित अन्य अधिवक्ता मौजूद रहे।
दरअसल गुरुवार को वकीलों ने विधि मंत्री सहित अन्य मंत्रियों के साथ एडवोकेट्स प्रोटेक्शन एक्ट पर वार्ता की थी। जिसमें विधि विभाग के प्रमुख विधि सचिव ज्ञान प्रकाश गुप्ता, विधि सचिव अनुपमा बिजलानी व एएजी डॉ. विभूतिभूषण शर्मा भी शामिल हुए। जबकि वकीलों की ओर से दी बार एसोसिएशन जयपुर के अध्यक्ष कमल किशोर शर्मा, महासचिव मनाेज कुमार शर्मा, एडवोकेट बार एसोसिएशन जोधपुर के अध्यक्ष रणजीत जोशी, लॉयर्स बार एसोसिएशन जोधपुर के अध्यक्ष रवि भंसाली, हाईकोर्ट बार एसोसिएशन जयपुर के महासचिव बलराम वशिष्ठ व दी डिस्ट्रिक्ट बार एसोसिएशन जयपुर के अध्यक्ष विवेक शर्मा व महासचिव गजराज सिंह राजावत ने हिस्सा लिया था।


0 टिप्पणियाँ