जयपुर ब्यूरो रिपोर्ट।  

प्रदेश कांग्रेस की ओर से 11 और ब्लॉक अध्यक्ष घोषित कर दिए गए हैं। इनके अलावा पार्टी ने 18 नगरीय क्षेत्रों की कमेटियों के अध्यक्ष और 10 नगरीय निकायों में नेता प्रतिपक्ष की घोषणा कर दी है। कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने शुक्रवार को इनकी घोषणा की। प्रदेश के 200 विधानसभा क्षेत्रों के 400 ब्लॉक अध्यक्ष में से अब तक 350 की घोषणा की जा चुकी है। ब्लॉक अध्यक्षों की यह सातवीं सूची है। अब भी 50 की घोषणा होना और शेष हैं। हालांकि, जिलाध्यक्षाें का मामला अभी अटका हुआ है।

उल्लेखनीय है कि कांग्रेस प्रदेश प्रभारी सुखजिंदर सिंह रंधावा, प्रदेशाध्यक्ष डोटासरा और मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने पार्टी के राष्ट्रीय अधिवेशन से पहले ही चर्चा कर संगठन के विभिन्न स्तरों के नाम तय किए थे। ब्लॉक अध्यक्ष में विधायकों, हारे हुए प्रत्याशियों, मौजूदा या पूर्व जिलाध्यक्षों की सिफारिशों के दबाव के बीच कई विधानसभा क्षेत्रों के दोनों और कुछ के एक-एक ब्लॉक अध्यक्ष तय नहीं हो पा रहे। यही कारण है कि कांग्रेस को टुकड़ों में इनकी घोषणा करनी पड़ रही है। बताया जा रहा है कि शेष नाम भी अगले सप्ताह में घोषित कर दिए जाएंगे। नाम तय हैं, लेकिन कुछ नामों पर जिलों के नेताओं का प्रदेश संगठन पर इस तरह का विरोध भी सामने आ रहा है कि जो नाम सोचे जा रहे हैं, उनको छोड़कर किसी को भी बना दो। कुछ दो में से कम से कम एक तो अपना नाम तय कराना चाह रहे हैं। प्रदेश संगठन में इसी पर मशक्कत चल रही है। प्रदेश अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने सभी नवनियुक्त ब्लॉक अध्यक्ष, नगर कांग्रेस अध्यक्ष तथा नेता प्रतिपक्ष को बधाई दी है।

इन्हें बनाया नेता प्रतिपक्ष

  • जयपुर नगर निगम ग्रेटर- राजीव चौधरी
  • नगर निगम अजमेर- द्रौपदी कोली
  • नगर निगम जोधपुर दक्षिण- गणपत चौहान
  • नगर परिषद भीलवाड़ा - धर्मेंद्र पारीक
  • नगर परिषद गंगापुर सिटी- आकिब खान
  • नगर पालिका कपासन- कन्यादेवी सोनी
  • नगर पालिका बगरू- नितिन कुमार भारद्वाज
  • नगर पालिका इटावा- रामेश्वर सुमन
  • नगर पालिका मुंडावा- ओमप्रकाश
  • नगर पालिका जैतारण- दिलीप सिंह