होली की रंगत देश ही नहीं विदेशों में भी दिख रही है। प्रवासी भारतीय विदेशों में होली के रंगों में सराबोर नजर आ रहे हैं। ऐसे ही इंस्टाग्राम इन्फ्लूएंसर धोली मीणा ने यूरोप के माल्टा में होली मिलन समारोह किया। इंस्टाग्राम पर धोली के वीडियो खूब पसंद किए जा रहे हैं। IFS(भारतीय विदेश सेवा) अफसर की पत्नी धोली ने माल्टा में मीणावाटी की परंपरा को निभाया है। उनका हर वीडियो देसी लुक में है। वह घाघरा लूगड़ी में नजर आती हैं। उनका कहना है कि यही उनका पहनावा है और इस पर उन्हें गर्व हैं। विदेशी लोग भी उनके इस पहनावे को पसंद करते हैं।
दौसा ब्यूरो रिपोर्ट।
दौसा के निमाली गांव की धोली के आईएफएस पति लोकेश मीणा यूरोपीय देश माल्टा में पोस्टेड हैं। धोली भी उनके साथ वहीं रहती हैं। 4 मार्च को धोली ने अपने पड़ोसी मित्रों को होली मिलन समारोह के लिए बुलाया। विदेशी धरती पर धोली और उनके परिचित विदेशी हरियाणवी गीत 'परफ्यूम लगा दे चुन्नी में...' पर जमकर नाचे और होली की बधाई दी। समारोह के बाद उन्होंने यह वीडियो सोशल मीडिया पर डाला तो एक ही दिन में इसे 30 हजार लोगों ने लाइक किया। कई यूजर्स ने वीडियो पर प्रतिक्रिया भी दी। एक यूजर ने लिखा कि आपने यूरोप में भी भारत का डंका बजा दिया। वीडियो में धोली परंपरागत पीली लूगड़ी और घाघरे में डांस करती नजर आ रही हैं। उनके साथ विदेशी मित्र और पड़ोसी भी ठुमके लगाते दिखे।इंस्टाग्राम पर धोली के 3 लाख से ज्यादा फॉलोअर्स हैं। विदेशी धरती पर वह देसी अंदाज में खरीदारी करती, खाना पकाती और लोगों से बात करती नजर आती हैं। इन रील्स को काफी पसंद किया जा रहा है। वह कहती हैं कि विदेश जाने के बाद लोग अपनी परंपराओं व संस्कृति को भूलकर विदेशी रंग में रंग जाते हैं। हम कहीं भी रहें, हमें हमारी संस्कृति कभी नहीं भूलना चाहिए। माल्टा में घर के बाहर डीजे बजाकर होली का यह आयोजन किया गया, जिसमें धोली ने विदेशियों को होली त्योहार के बारे में बताया। लोगों ने बताया कि उन्हें भारत में होली मनाए जाने की जानकारी है। इस मौके पर भारतीय लोगों ने एक दूसरे को और अपने विदेशी दोस्तों को रंग लगाकर खुशी का इजहार किया।
माल्टा बीच के वीडियो से आई थीं चर्चा में
धोली काफी समय से कई तरह के वीडियो अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर डालती रही हैं। वह सबसे ज्यादा चर्चा में आईं 7 अगस्त 2022 को अपलोड किए माल्टा बीच के वीडियो के कारण। माल्टा के बीच पर बिकनी गर्ल्स के बीच वह घाघरा लूगड़ी में वॉक करते हुए दिखाई दे रही हैं। यह वीडियो जमकर वायरल हुआ और इंस्टाग्राम पर 3 लाख से ज्यादा लोगों ने उन्हें फॉलो किया।
IFS पति लोकेश माल्टा दूतावास में पोस्टेड
धोली मीणा का पीहर जयपुर जिले के जमवारामगढ़ क्षेत्र के थोलाई गांव व ससुराल दौसा के पास निमाली गांव में है। साल 2006 में लोकेश के साथ शादी के बाद वह 2010 में पहली बार विदेश गई थीं। वह जुलाई 2021 से यूरोप के माल्टा में रह रही हैं। यूरोप में भारतीय त्योहार भी पारंपरिक रीति रिवाज से मनाती हैं। सार्वजनिक जगहों पर लोग इनके साथ फोटो भी खिंचवाते हैं।



0 टिप्पणियाँ