जयपुर ब्यूरो रिपोर्ट 

राजस्थान में होली-धुलंडी पर एक बार फिर मौसम में बदलाव हो सकता है। मौसम विभाग ने आज से तीन दिन 28 जिलों में बारिश और ओले गिरने का अलर्ट जारी किया है। बारिश-ओलों के साथ आंधी भी चलने की आशंका है। ऐसे में फसलों को नुकसान पहुंच सकता है। मौसम केन्द्र जयपुर के मुताबिक सोमवार को उदयपुर, कोटा संभाग में मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है। बादल छाने के साथ तेज हवाएं चलने और कहीं-कहीं ओले भी गिर सकते हैं। कई स्थानों पर बिजली भी चमक सकती है। 7 मार्च को कोटा, उदयपुर संभाग के अलावा बीकानेर, जोधपुर संभाग में मौसम बदलेगा और यहां कहीं-कहीं आंधी चलेगी। 8 मार्च को अजमेर, जयपुर, भरतपुर और कोटा संभाग में बारिश-ओलावृष्टि हो सकती है।

क्यों आया मौसम में ऐसा बदलाव
मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक इन दिनों एक हल्के प्रभाव का वेस्टर्न डिर्स्टबेंस उत्तर भारत में एक्टिव हुआ है। इसके कारण हवा की दिशा पश्चिम से दक्षिण-पूर्वी दिशा में हो गई। इसके अलावा एक बंगाल की खाड़ी के आसपास एंटी साइक्लोनिक सर्कुलेशन बना है, जबकि पाकिस्तान गुजरात सीमा के बीच अरब सागर के पास के साइक्लोनिक सर्कुलेशन बना हुआ है।

इन तीनों सिस्टम के कारण राजस्थान, गुजरात, मध्य प्रदेश के आसपास एक ट्रफ लाइन बनी है। इसके अलावा इन राज्यों में अरब सागर और बंगाल की खाड़ी से नमी मिल रही है, जिसके कारण ये वेदर सिस्टम बन रहा है।

गर्मी को कंट्रोल करेगा सिस्टम
मौसम विभाग ने मार्च के पहले सप्ताह में तेज गर्मी पड़ने की आशंका जताई थी। साथ ही होली पर तापमान 38 डिग्री सेल्सियस के आसपास पहुंचने की भविष्यवाणी थी। इन सिस्टम ने मौसम विभाग की भविष्यवाणी को फेल कर दिया। मार्च का ये दूसरा सप्ताह है और लगातार दूसरा बड़ा सिस्टम बन रहा है। बारिश के साथ ओले गिरने, बिजली चमकने और धूलभरी आंधी चलने की गतिविधियां होगी। ये सिस्टम अगले 5-7 दिन तक गर्मी को कंट्रोल करेगा।

इन जिलों में बारिश-ओले गिरने का आशंका

  • 6 मार्च को बांसवाड़ा, बारां, बूंदी, चित्तौड़गढ़, डूंगरपुर, झालावाड़, कोटा, प्रतापगढ़, उदयपुर, बीकानेर और जैसलमेर जिलों में मेघगर्जना के साथ कहीं-कहीं हल्की बारिश या ओले गिर सकते हैं।
  • 7 मार्च को नागौर, जोधपुर, जालोर, जैसलमेर, हनुमानगढ़, चूरू, बीकानेर, उदयपुर, टोंक, सीकर, दौसा, भीलवाड़ा, बारां, अलवर और अजमेर में बादल छाने, ओले गिरने और बिजली चमकने के साथ 30-40 किलोमीटर तक स्पीड से आंधी चल सकती है।
  • 8 मार्च को अजमेर, अलवर, बांसवाड़ा, बारां, भरतपुर, भीलवाड़ा, बूंदी, चित्तौड़गढ़, दौसा, धौलपुर, जयपुर, डूंगरपुर, झालावाड़, करौली, कोटा, सवाई माधोपुर, प्रतापगढ़, राजसमंद और टोंक जिलों में बारिश होने के साथ कहीं-कहीं ओले गिरने और हवा चल सकती है।

किसानों को नुकसान होने की आशंका
राजस्थान, एमपी, गुजरात और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के किसानों को इस सिस्टम से सबसे ज्यादा नुकसान होगा। राजस्थान के कई हिस्सों में अब गेंहू, सरसों, तारामीरा की फसल पक गई है और कई जगह कटाई हो रही है। बारिश, ओले गिरने से ये फसल खराब हो जाएगी। इससे पहले फरवरी में अचानक तेज गर्मी के कारण फसल समय से पहले पक गई थी, तब भी किसानों को 20 से 25 फीसदी का नुकसान हुआ था।

बाड़मेर में गिरे ओले
बाड़मेर में सोमवार दोपहर को अचानक मौसम बदल गया। आसमान में काले बादल छा गए। बाड़मेर शहर से लेकर चौहटन, धोरीमन्ना और गुड़ामालानी, धनाऊ, सेड़वा इलाके कई गांवों में दोपहर के समय तेज बारिश व ओलावृष्टि शुरू हो गई। इससे किसानों के खेतों में पक्की पकाई फसलें खराब हो गई। किसानों की आंखों के सामने फसलें नष्ट हो गई। मौसम विभाग आगामी 24 घंटों तक मेघगर्जन के साथ बूंदाबांदी-हल्की बारिश की संभावना जता रहा है।

प्रदेश के प्रमुख शहरों का आज का तापमान

शहरअधिकतमन्यूनतम
अजमेर31.818.3
अलवर29.813.2
बाड़मेर35.621
भीलवाड़ा33.215
बीकानेर31.917.8
चित्तौड़गढ़34.816.2
चूरू31.614.6
जयपुर3117.8
जैसलमेर33.620.4
जोधपुर33.819.5
कोटा34.517.7
पिलानी32.615.1
सीकर2811.4
गंगानगर3115.3
उदयपुर33.216.4