श्रीगंगानगर - राकेश मितवा
जिला कलेक्ट्रेट सभागार में पूर्व केन्द्रीय राज्यमंत्री एवं सांसद निहालचंद की अध्यक्षता में शुक्रवार को बैठक हुई। बैठक में  निहालचंद ने जिले में विद्युत संबंधित सभी योजनाओं के क्रियान्वयन और वर्तमान प्रगति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को विभागीय योजनाओं की क्रियान्विति गंभीरतापूर्वक करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री की मंशा के अनुरूप कोई भी गांव, ढाणी व घर विद्युत सुविधा से वंचित नहीं रहना चाहिए।
सांसद ने ऊर्जा के क्षेत्र में केन्द्र सरकार की पुनरोत्थान वितरण सुधार योजना (आरडीएसएस) की भी समीक्षा की। इस योजना के तहत केन्द्र सरकार द्वारा श्रीगंगानगर जिले को 260 करोड रूपये और हनुमानगढ जिले को 141 करोड रूपये का आवंटन हुआ है, जिसके अन्तर्गत वित्तीय स्थिरता और परिचालन रूप से कुशल वितरण क्षेत्र के माध्यम से उपभोक्ताओं को बिजली आपूर्ति की गुणवत्ता, विश्वसनीयता और सामर्थ्य में सुधार किया जाएगा। इस योजना तहत वर्ष 2021-22 से लेकर वित्तीय वर्ष 2025-26 तक लगभग 3 लाख 3 हजार करोड रूपये का प्रावधान किया गया है। इस योजना के पहले चरण में प्रीपेड स्मार्ट मीटरिंग और सिस्टम मीटरिंग के लिए वित्तीय सहायता और वितरण संबंधी बुनियादी ढांचे में सुधार किया जाएगा। साथ ही अन्य सक्षम और सहायक गतिविधियों को पूर्ण किया जाएगा।
सांसद ने कहा कि प्रधानमंत्री का सपना है कि कोई भी घर अंधेरे में नहीं रहे और सभी को उनकी जरूरतों के हिसाब से बिजली उपलब्ध होनी चाहिए। जिस किसान के घर में बिजली कनेक्शन नहीं है, वे आज ही आवेदन के साथ संबंधित एईएन से सम्पर्क कर सकतें है। जल्द ही बिजली कनेक्शन उपलब्ध होगा। उन्होंने बताया कि इस संबंध में विद्युत विभाग के अधिकारियों को भी समुचित दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। उन्होंने कहा कि सभी को उनकी जरूरतों के हिसाब से बिजली उपलब्ध हो सकेगी और शहर से लेकर गांव-ढाणी तक जगमगा जाएंगे।
जिला कलक्टर सौरभ स्वामी ने विद्युत विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया कि इस योजना का लाभ मिले, इस संबंध में निविदा इत्यादि का कार्य जल्द पूरा किया जाए। इस योजना की मंशा के अनुरूप कोई घर, आंगनबाडी, स्कूल विद्युत से वंचित नहीं रहने चाहिए। उन्होंने कहा कि अधिकारी, विधायकगणों व जनप्रतिनिधियों से सम्पर्क कर जहां-जहां विद्युत की समस्या है, उस क्षेत्र में सुधार के कदम उठाए जाएं। ढीले तारों तथा कम वॉल्टेज में सुधार के कार्य भी किए जाएं। बैठक में घरेलू तथा कृषि कनेक्शन की प्रगति की समीक्षा की गई तथा कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए गए। निर्माणाधीन जीएसएस व स्वीकृत जीएसएस के कार्य प्रारम्भ करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में विद्युत विभाग के अधीक्षण अभियंता लाभ सिंह मान सहित जिले के विभिन्न खण्डों के अभियन्ता उपस्थित थे। बैठक से पूर्व सांसद व जिला कलक्टर ने खेल के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाडियों से मुलाकात कर शुभकामनाएं दीं तथा जिला कलक्टर ने खिलाडियों को जिला कलक्टर कक्ष दिखाया।