हनुमानगढ- विश्वास कुमार व जयपुर ब्यूरो रिपोर्ट। 
अनूपगढ़ को जिला बनाने की मांग करते हुए अनूपगढ़ को जिला बनाओ संघर्ष समिति के सदस्यों, नागरिकों तथा कांग्रेस नेताओं ने एआईसीसी सचिव कुलदीप इंदौरा व राजस्थान राज्य अन्य पिछड़ा वर्ग वित् व विकास आयोग के अध्यक्ष राज्यमंत्री पवन गोदारा के नेतृत्व में शुक्रवार को जयपुर में मुख्यमंत्री निवास पर मुख्यमंत्री अशोक गहलोत से मुलाकात की। यहां कुलदीप इंदौरा के साथ राजस्थान राज्य अन्य पिछड़ा वर्ग वित्त एवं विकास आयोग के अध्यक्ष राज्यमंत्री पवन गोदारा, अंबेडकर पीठ के चेयरमैन मदन गोपाल मेघवाल, अनूपगढ़ को जिला बनाओ संघर्ष समिति के अध्यक्ष सुरेश बिश्नोई आदि ने मुख्यमंत्री को अनूपगढ़ को जिला बनाने की आवश्यकता के बारे में विस्तृत जानकारी दी। प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री को अवगत करवाया कि अनूपगढ़ की वर्तमान गंगानगर जिला मुख्यालय से दूरी 190 किलोमीटर से भी अधिक है। अनूपगढ़ गंगानगर जिले के दूरस्थ इलाकों के मध्य में स्थित है और विकास की दृष्टि से जिला बनाना जरूरी है। प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री के पिछले दिनों गुरुद्वारा बुड्ढा जोहड़ प्रवास के दौरान की गई मांगों के क्रम में बजट घोषणा में बुड्ढा जोहड़ के विकास के लिए राशि स्वीकृत करने पर आभार व्यक्त किया। प्रतिनिधिमंडल ने इन विकास कार्यों के लिए मुख्यमंत्री को तलवार व सरोपा भेंट कर अभिनंदन किया। राजस्थान राज्य ओबीसी वित्त एवं विकास अयोग के अध्यक्ष पवन गोदारा ने अपने संबोधन में मुख्यमंत्री द्वारा पेश किए गए जनकल्याणकारी बजट के लिए आभार जताया। पवन गोदारा ने हनुमानगढ़ जिले को दी गई सौगातों की जानकारी अपने संबोधन में दी और कहा कि मुख्यमंत्री ने क्षेत्र के किसानों को बड़ी राहत दी है। सिंचाई परियोजनाओं के जीर्णोद्धार और खालों के लिए बजट का प्रावधान क्रांतिकारी कदम है।  जिला मुख्यालय पर स्पिनिंग मिल को पुनः शुरू करने की घोषणा कर मुख्यमंत्री ने लोगों को बड़ी राहत दी है। मुख्यमंत्री ने प्रतिनिधिमंडल को संबोधित करते हुए  आश्वस्त किया कि नए जिलों के गठन को लेकर समिति द्वारा पूरा अध्ययन किया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने प्रतिनिधिमंडल की बातों को गंभीरता से सुना। प्रतिनिधिमंडल में प्रधान अशोक जाखड़, ब्लॉक अध्यक्ष दलीप कुमार, व्यापार मंडल के अध्यक्ष किशन मुद्दगल, कांग्रेस नेता शिमला नायक सहित गणमान्य नागरिक और कांग्रेस नेता भी शामिल रहे।