जयपुर ब्यूरो रिपोर्ट। 

जयपुर नगर निगम ग्रेटर में करीब 28 महीने बाद नेता प्रतिपक्ष बनाया गया है। नवंबर 2020 में बोर्ड का गठन होने के बाद से विपक्षी दल कांग्रेस की ओर से नेता प्रतिपक्ष घोषित नहीं किया गया था। ये दूसरा मौका है जब जयपुर नगर निगम में जाट को नेता प्रतिपक्ष बनाया गया है। इससे पहले बोर्ड में धर्मसिंह सिंघानिया को नेता प्रतिपक्ष बनाया था।

राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी की ओर से जारी नियुक्ति पत्र में सांगानेर विधानसभा क्षेत्र के वार्ड 100 से जीतकर पार्षद बने राजीव चौधरी को नेता प्रतिपक्ष का दायित्व सौंपा हैं। नियुक्त होने के बाद चौधरी ने कहा- आमजन छोटी-मोटी जनसमस्याओं को लेकर परेशान है। निगम में जनता की कोई सुनवाई नहीं हो रही है।

उन्होंने कहा- नेता प्रतिपक्ष होने के नाते मेरी जिम्मेदारी भाजपा बोर्ड की कमियों को उजागर करने के साथ आमजन को राहत पहुंचाने के कार्य को प्राथमिकता से करवाना है। इस मौके पर चौधरी ने महापौर पर निशाना साधते हुए कहा- वे केवल घोषणाएं कर रही है, जबकि जयपुर में धरातल पर कोई काम नहीं हो रहा। उन्होंने मांग की है कि नगर निगम में बोर्ड बैठक जल्द हो, ताकि जनसमस्याओं पर पार्षद सदन में चर्चा करें।