चित्तौड़गढ़ - गोपाल चतुर्वेदी 
चित्तौड़गढ़ जिले के निंबाहेड़ा उपखंड मुख्यालय के कोतवाली थाना क्षेत्र में हुई गुरुवार को दिनदहाड़े एक भाजपा नेता के पुत्र विकास उर्फ बंटी आंजना निवासी केसुंदा छोटी सादड़ी की फायरिंग के बाद हत्या का मामला अब तूल पकड़ता जा रहा है। परिजनों के साथ साथ अब भाजपा ने भी इस मामले में विरोध के स्वर मुखर कर दिए हैं। पूर्व कैबिनेट मंत्री श्रीचंद कृपलानी के नेतृत्व में उपखंड कार्यालय के बाहर धरना दिया जा रहा है। वहीं मृतक विकास उर्फ बंटी आंजना का शव निम्बाहेड़ा जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखा गया है।
परिजनों का कहना है कि जब तक फायरिंग की घटना के आरोपियों पर कार्रवाई नहीं होगी तब तक पोस्टमार्टम नहीं करवाया जाएगा। 
वही धरना प्रदर्शन के दौरान पूर्व कैबिनेट मंत्री और भाजपा के वरिष्ठ नेता श्री चंद कृपलानी ने भी प्रदेश सरकार को जमकर आड़े हाथों लिया है उन्होंने कहा कि वर्तमान कांग्रेस सरकार में कानून व्यवस्था पूरी तरह से खराब हो चुकी है लगातार हत्याएं हो रही है और खास तौर पर निंबाहेड़ा क्षेत्र में कानून व्यवस्था पूरी तरह से समाप्त हो चुकी है 
परिजनों और पूर्व कैबिनेट मंत्री ने विकास उर्फ बंटी आंजना हत्याकांड की सीबीआई जांच की मांग मुखर की है।