जयपुर ब्यूरो रिपोर्ट।
महिला एवं बाल विकास मंत्री ममता भूपेश ने विधानसभा में कहा कि छबड़ा विधानसभा क्षेत्र में मानदेयकर्मियों को दिसम्बर माह तक का भुगतान कर दिया गया है। उन्होंने आश्वस्त किया कि जनवरी, फरवरी एवं मार्च की केन्द्रांश की राशि प्राप्त होते ही बकाया भुगतान भी कर दिया जाएगा। भूपेश ने प्रश्नकाल के दौरान इस संबंध में सदस्य द्वारा पूछे गये पूरक प्रश्न के जवाब में कहा कि छबड़ा विधानसभा क्षेत्र में बेबी मिक्स तथा पूरक पोषाहार का 4 करोड़ रुपये का भुगतान बकाया है, जिसे शीघ्र जारी किया जाएगा। उन्होंने बताया कि 2020 में कोरोना आने के बाद स्वयं सहायता समूहों का कार्य बंद हो गया था। उस समय पूरे प्रदेश की बकाया राशि लगभग 350 करोड़ रुपये थी। उन्होंने कहा कि एसएचजी को लगातार भुगतान करने के बाद अब यह राशि करीब 80 करोड़ रुपये रह गई है। इससे पहले महिला एवं बाल विकास मंत्री ने विधायक प्रताप सिंह के मूल प्रश्न के लिखित जवाब में कहा कि विधानसभा क्षेत्र छबडा में मांग अनुसार वर्ष 2019-20 से 2022-23 तक आंगनबाडी कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं को समय पर मानदेय भुगतान हेतु भेज दिया गया है। उन्होंने बताया कि विधानसभा क्षेत्र छबड़ा में वर्ष 2019-20 के पूरक पोषाहार के बकाया दायित्वों में परियोजना छबड़ा में राशि 3 करोड़ 24 लाख 71 हजार 832 रूपये एवं परियोजना छीपाबड़ोद में राशि 2 करोड़ 54 लाख रूपये भुगतान हेतु शेष थे। उन्होंने कहा कि बकाया राशि हेतु बजट आवंटन कर दिया गया है एवं भुगतान की कार्यवाही प्रक्रियाधीन है।

0 टिप्पणियाँ