करौली ब्यूरो रिपोर्ट।
करौली पुलिस ने नशे के मुख्य सौदागर के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 95 ग्राम अवैध स्मैक के साथ तस्कर को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। पुलिस ने तस्कर से अवैध 315 बोर का कट्टा और कारतूस भी बरामद किए हैं। तस्कर के खिलाफ करौली पुलिस की ओर से 5 हजार रूपये का इनाम घोषित है। तस्कर के खिलाफ पहले से ही पुलिस मे एक दर्जन मुकदमे दर्ज हैं। जिनमें से 10 मुकदमे एनडीपीसी एक्ट के तहत दर्ज हैं। करौली एसपी नारायण टोंगस ने शुक्रवार को खुलासा करते हुए बताया की जिला पुलिस ने नशे के सौदागरों के खिलाफ ऑपरेशन फ्लैश आउट अभियान चला रखा है। इसी के तहत हिंडौन सिटी की नई मंडी थाना पुलिस ने बडी कार्रवाई करते हुए नाकाबंदी के दौरान सलेमपुर नाहिडा जिला दौसा निवासी राज बहादुर उर्फ राज कंसाना को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 95 ग्राम अवैध स्मैक जप्त करने के साथ एक अवैध देसी कट्टा 315 बोर और दो कारतूस, वारदात मे काम लेने वाली एक मोटर बाईक एव दो मोबाइल को भी बरामद किया है। एसपी ने बताया कि जप्त स्मैक की कीमत अंतरराष्ट्रीय बाजार मे लाखों रूपये मे है।  एसपी ने बताया कि तस्कर से पूछताछ में सामने आया है कि यह लोग मध्य प्रदेश से स्मैक को खरीदते हैं और राजस्थान में आकर बेचान करते हैं। फिलहाल आरोपी से पूछताछ जारी है और भी कई तस्करों के नाम सामने आने की संभावना है।
दो साल से युवाओं के शरीर मे घोल रहा है तस्कर नशा।
एसपी ने बताया कि तस्कर राज बहादुर सिंह गुर्जर से पुलिस ने कड़ाई से पूछताछ की तो आरोपी ने बताया कि वह करीब 2 साल से अवैध स्मैक का व्यापार कर रहा है। उन्होंने बताया कि आरोपी और एक अन्य वीरेंद्र पुत्र हिम्मत गुर्जर निवासी भूरीकापुरा, मध्यप्रदेश के रतलाम निवासी लाला पठान से अवैध स्मैक खरीदते हैं।आरोपियों को जब स्मैक की जरूरत होती है तो यह व्हाट्सएप फोन कॉल के जरिए स्मैक को मंगवा लेते हैं। फिर मध्यप्रदेश का तस्कर इनको ट्रेन से आकर हिंडौन सिटी में अवैध स्मैक की सप्लाई कर जाता है फिर यह लोग हिंडौन रेलवे स्टेशन पर ही उसको पैसे दे देते है। एसपी ने बताया की आरोपी एक बार में लगभग 200 से 300 ग्राम स्मैक खरीदते हैं। फिर स्मैक को घर पर लाकर रविन्द उर्फ रेबू, धीरज गुर्जर, निवासी वैर जिला भरतपुर, भोला पुजारी निवासी हिण्डौन के जरिए अनिकेत जाट नीरज बेनीवाल और कुलदीप जाट को बेचने के लिए सप्लाई करते हैं यह तीनों सौदागर हिंडोन कस्बा तथा आसपास के गांव में स्मैक पीने वाले युवाओं और व्यक्तियों को स्मैक की पुड़िया बेचते हैं। इन सभी को आरोपी स्मैक बेचने की एवज मे कमीशन देता है। एसपी ने बताया कि इस प्रकार मुख्य तस्कर राज बहादुर सिंह उर्फ राज कसाना ने जिला करौली तथा हिंडौन सिटी में बड़े स्तर पर नेटवर्क बनाकर अवैध मादक पदार्थ स्मैक का जहर घोल दिया है।