जयपुर ब्यूरो रिपोर्ट।
राज्यपाल कलराज मिश्र से राजभवन में नगालैण्ड, मणिपुर, मिजोरम, अरुणाचल प्रदेश और असम के छात्र-छात्राओं के एक प्रतिनिधिमंडल ने मुलाकात की। अंतरराज्यीय छात्र जीवन दर्शन के तहत 40 सदस्यीय यह प्रतिनिधिमंडल राष्ट्रीय एकता और सांस्कृतिक एकात्मता की भावना को प्रत्यक्ष अनुभूत करने के उद्देश्य से राजस्थान की यात्रा पर आया है। राज्यपाल मिश्र ने पूर्वोत्तर के विद्यार्थियों की इस यात्रा को महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि भारत विविधता में एकता का देश है। बोल-चाल, रहन-सहन, खान-पान अलग-अलग होने के बाद भी भावनात्मक रूप से हम एक हैं। उन्होंने कहा कि हमारी संस्कृति पूरे देश को एक सूत्र में जोड़ती है। उन्होंने विद्यार्थियों से पूर्वोत्तर के राज्यों की समृद्ध प्राकृतिक, सांस्कृतिक एवं ऐतिहासिक विरासत के बारे में चर्चा की और राजस्थान की संस्कृति, परम्पराओं और लोक जीवन से जुड़े अनुभव भी साझा किए। इससे पहले प्रतिनिधिमंडल को लेकर आए मनीष जांगिड़, अंकित मंगल और शौर्य जैमन ने राज्यपाल को राष्ट्रीय एकात्मता यात्रा के बारे में विस्तार से जानकारी दी।