मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के गृह क्षेत्र जोधपुर में रविवार को कांग्रेस पार्टी ने एकजुट होकर जबरदस्त शक्ति प्रदर्शन किया। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने रविवार को जोधपुर के उम्मेद स्टेडियम में 1800 करोड़ की राजीव गांधी लिफ्ट नहर तृतीय चरण परियोजना का शिलान्यास किया। इस योजना से जोधपुर, बाड़मेर और पाली जिलों को पेयजल मिलेगा। सीएम ने अपने जोधपुर दौरे के दूसरे दिन उम्मेद स्टेडियम में जनसभा कर कार्यकर्ताओं में जान भी फूंकी। इस मौके पर सभी विधायकों ने अपने अपने विधानसभा क्षेत्र में हुए विकास कार्यों का जिक्र किया और इसके लिए मुख्यमंत्री का आभार जताया। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने रिमोट से बटन दबाकर राजीव गांधी लिफ्ट कैनाल के तृतीय चरण का शिलान्यास किया। इसके बाद मुख्यमंत्री ने विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया।
सीएम अशोक गहलोत ने अपने भाषण में कहा कि पहली बार शहर की सड़कों पर ऐसा रेला देखा है। यह सिर्फ राजीव गांधी लिफ्ट कैनाल के तीसरे चरण के शिलान्यास की खुशी नहीं है। बजट में जो घोषणाएं हुई हैं, उसका धन्यवाद देने लोग आए हैं। उन्होंने कहा कि हम चुनाव में हार और जीत से नहीं घबराते। जनसेवा करते हैं।
45 साल से आपकी सेवा में समर्पित
मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने उम्मेद स्टेडियम में जनसभा करते हुए उन्होंने कहा- 45 साल से मैं आपकी सेवा में समर्पित हूं। सभी वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं ने मिलकर मुझे एमपी चुनाव में आगे बढ़ाने का निर्णय लेकर सहयोग किया। जबकि मैं तो एमएलए चुनाव भी हार चुका था। उन्होंने कहा कि जनता ने भी बराबर साथ दिया। जोधपुरवासियों का आशीर्वाद मिला। हमने बजट पेश करने में भी इतिहास बनाया है। अकाल के ज़माने का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि उस वक्त घर-घर गेहूं की बोरियां पहुंचा दी थीं। कर्मचारी भी एक समय विरोध में आ गए थे। उस वक्त भी जोधपुर की जनता ने प्यार दिया था। इसीलिए कहता हूं कि मैं थांसू दूर नहीं।
सेवा ही धर्म, सेवा ही कर्म
मुख्यमंत्री ने कहा - सेवा ही धर्म और सेवा ही कर्म के आधार पर मैं काम करता रहा हूं और जनता की सेवा की है। कोरोना से अभी भी सावधान रहने की जरूरत है। जब पहली बार सीएम बना तभी से ये बात जेहन में है कि मैं किसी भी कोने से कोई शिकायत न आने दूं। कोई भी ऐसा काम न करूं कि मेरा परिवार, मेरा शहर कभी नीचा देखे। आपके आशीर्वाद से ही यह कामयाबी मिली है।
महेश जोशी बोले- योजनाएं अद्भुत
इस अवसर पर जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी एवं भूजल मंत्री डॉ. महेश जोशी ने संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री अशोक गहलोत की योजनाओं को अद्भुत बताया और कहा कि उन्होंने हर बार अच्छे से अच्छा बजट दिया और बचत, बढ़त और राहत को साकार किया है। डॉ. जोशी ने कहा कि गहलोत ने पश्चिमी राजस्थान में पेयजल की दृष्टि से कायाकल्प कर दिया। उन्होंने कहा कि उनका विभाग सभी घोषणाओं और योजनाओं को पूरा करेगा। उन्होंने ईआरसीपी को जल्द क्रियान्वित करने की आवश्यकता जताई।


0 टिप्पणियाँ