अंतरराष्ट्रीय होली महोत्सव पर आगामी 4 मार्च से 7 मार्च तक पुष्कर में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। कार्यक्रम का शुभारंभ 4 मार्च को सरोवर पर महा आरती के साथ किया जाएगा। कार्यक्रम का समापन 7 मार्च को होगा। होली महोत्सव पर आयोजित होने वाले कार्यक्रम को लेकर आरटीडीसी चेयरमैन धर्मेंद्र सिंह राठौड़ ने बैठक ली और अधिकारियों से विचार विमर्श किया। बैठक के दौरान कलेक्टर अंशदीप, जिला पुलिस अधीक्षक चुनाराम जाट सहित कई अधिकारी मौजूद रहे। बैठक में आरटीडीसी चेयरमैन राठौड ने आवश्यक दिशा निर्देश दिए। इस दौरान राठौड़ ने बातचीत में कहा कि पुष्कर में पहली बार 4 दिवसीय अंतरराष्ट्रीय होली महोत्सव का आयोजन होने जा रहा है। जिसके अंतर्गत विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। भजन संध्या का भी आयोजन होगा, जिसमें अनुराधा पौडवाल और हरिहरण को आमंत्रित करने के लिए चर्चा की जा रही है।
7 मार्च को सेलिब्रिटी नाईट के साथ कार्यक्रम का समापन होगा, जिसमें अमित त्रिवेदी को आमंत्रित किया गया है। राठौड़ ने राजस्थान सांस्कृतिक महोत्सव को लेकर कहा कि राजस्थान सांस्कृतिक महोत्सव का आयोजन हर ब्लॉक स्तर पर किया जाएगा। साथ ही राजस्थान सांस्कृतिक महोत्सव कार्यक्रम का 30 मार्च को जयपुर में समापन किया जाएगा। मुख्यमंत्री गहलोत कि मंशा है कि कार्यक्रम के जरिए हर गांव ढाणी की छिपी हुई प्रतिभाओं को मंच मिल सके।


0 टिप्पणियाँ