जयपुर ब्यूरो रिपोर्ट।
राजस्थान विधानसभा में आज बजट पर बहस के दौरान अडाणी मामले पर जमकर हंगामा हुआ। भाजपा विधायक वासुदेव देवनानी ने जब मुख्यमंत्री और अडाणी के संबंध को लेकर बोलना शुरू किया सरकार के मंत्री-विधायकों ने विरोध किया। इस बीच काफी देर तक हंगामा होता रहा।वहीं,सचिन पायलट समर्थक विधायक (विराटनगर) इंद्राज गुर्जर ने ईस्टर्न राजस्थान कैनाल प्रोजेक्ट (ERCP) को लेकर केंद्र और राज्य सरकार पर सवाल उठाए। गुर्जर ने कहा- पानी की भारी कमी है।अगर ईआरसीपी नहीं आई तो हमारे 13 जिलों में पानी नहीं बचेगा। पीएम मोदी भी दौसा आए। ईआरसीपी पर गोलमाल करके चले गए। राजस्थान सरकार और केंद्र सरकार ईआरसीपी पर एक दूसरे के पाले में गेंद डाल रहे हैं। उन्होंने कहा- जलशक्ति मंत्री राजस्थान के हैं। क्यों समाधान नहीं निकालते। कोई कमी है तो केंद्र और राज्य सरकार को मिलकर समाधान निकालना चाहिए। जनता इस बात को नहीं मानती कि कि कौनसी पार्टी ने क्या किया? पानी देने में विफल रहे तो जनता न कांग्रेस को बख्शेगी और न बीजेपी को। विधानसभा में ईआरसीपी पर विशेष चर्चा करनी चाहिए।
कांग्रेस विधायक रामनारायण मीणा बोले- थोड़ा-थोड़ा भ्रष्टाचार हमारे यहां भी है
बजट पर बहस के दौरान नैनवा (बूंदी) से कांग्रेस विधायक रामनारायण मीणा ने भ्रष्टाचार को लेकर लेकर सरकार पर सवाल उठाए। रामनारायण मीणा ने कहा— थोड़ा-थोड़ा भ्रष्टाचार हमारे यहां भी है। स्वायत्त शासन विभाग में करप्ट अफसरों को महत्व दिया गया है। मैंने मंत्री जी से भी कहा है और अब मुख्य सचेतक से भी कहना चाहूंगा कि ऐसे मामलों को जरूर देखें ताकि बीजेपी को कहने का मौका नहीं मिले। बूंदी जिले में कॉलेज से सटी हुई जमीन को भारतीय जनता पार्टी ने लिया है। ऐसी जमीन को वापस लिया जाए।
तो हमारे कामों पर पानी फिर जाएगा
इंद्राज गुर्जर ने कहा- पूर्वी राजस्थान के 13 जिलों में लोग पानी के लिए त्राहि-त्राहि कर रहे हैं। हमने सड़क लेकर हॉस्पिटल तक बनवाएं हैं। हमने सब अच्छा बनाया, लेकिन जब लोगों को पानी नहीं मिलता है तो इन सब कामों पर पानी फिर जाता है। आज हम सत्ता में हैं, कल पता नहीं कौन होगा? आगे जनता जवाब मांगेगी कि ईआरसीपी के इस प्रोजेक्ट का लटकाने का दोषी कौन होगा। जिस भी स्तर पर कमियां हैं, हमें उन्हें ठीक करके आगे बढ़ना होगा।
राठौड़ ने किया समर्थन, रघु शर्मा का तंज
इंद्राज गुर्जर ने जब ईआरसीपी पर विशेष सत्र बुलाने का सुझाव दिया तो उपनेता प्रतिपक्ष राजेंद्र राठौड़ ने इसका समर्थन करते हुए कहा- यह उत्तम सुझाव है। ईआरसीपी पर सत्र बुलाइए हम बहस करने को तैयार हैं। कांग्रेस विधायक रघु शर्मा ने राठौड़ पर तंज कसते हुए कहा- राठौड़ साहब, आपके पीछे तो धरातल ही नहीं है।
अडाणी के मुद्दे पर सदन में हंगामा
विधानसभा में बजट पर बहस के दौरान अडाणी को लेकर हंगामा हुआ। बीजेपी विधायक वासुदेव देवनानी ने बजट बहस के दौरान कहा- केंद्र सरकार राजस्थान का अनुदान बढ़ा रही है। इसके बावजूद मुख्यमंत्री से लेकर कांग्रेस नेता लगातार पीएम मोदी को गली दे रहे हैं। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत रात दिन अडाणी से प्यार करेंगे और राहुल गांधी अडाणी को गाली देते रहेंगे। बताइए गहलोत साहब, आप हो किसके साथ? आप राहुल के साथ हो या अडाणी के साथ।
देवनानी के राहुल गांधी का अडाणी को लेकर जिक्र करने पर मंत्रियों और कांग्रेस विधायकों ने आपत्ति की। मंत्री बीडी कल्ला ने कहा- जो सदन का मेंबर नहीं है। उनका जिक्र करना गलत है। देवनानी ने कहा कि मेरे पास फोटो है। मैं तो इतना ही तो पूछ रहा हूं कि अशोक गहलोत किसके साथ हैं। गहलोत और अडाणी के मेरे पास फोटो हैं। मंत्री ममता भूपेश ने आपत्ति जताते हुए कहा- इनकी गलत बातें सुनने सदन में नहीं बैठे हैं। देवनानी ने कहा- दोनों मंत्री एक बेचारे आदमी को धमका रहे हैं। यह नहीं चलेगा।
ममता भूपेश ने पलटवार करते हुए कहा- देवनानी साहब, आपने शिक्षा मंत्री रहते क्या क्या किया और क्या कारनामे किए वे सब जानते हैं। इस मुद्दे पर सदन में कुछ देर के लिए तनातनी का माहोल बन गया। बाद में सभापति के दखल के बाद मामला शांत हुआ।


0 टिप्पणियाँ