जयपुर ब्यूरो रिपोर्ट। 
पिंकसिटी प्रेस एनक्लेव, नायला पत्रकार नगर के आवंटी पत्रकारों ने सीएमआर के अधिकारियों से कहा कि न्यायालय की नजर से भी 571 पत्रकारों को 10 साल पहले आवंटित प्लॉट कहीं गलत नहीं है। छह माह पहले सुप्रीम कोर्ट के निर्णय में भी हैदराबाद के 1100 पत्रकारों को वर्षों पहले आवंटित हो चुके प्लॉट के कब्जे देने को कहा गया है। 
चलो नायला संगठन के आह्वान पर गुरुवार को 38वे दिन मुख्यमंत्री निवास पर पहुंचे पत्रकारों ने अधिकारियों को न्यायालय के निर्णय से संबंधित न्यूज कटिंग भी दिखाई। गुरुवार को सीएमआर पहुंचे आवंटियों के 31वे जत्थे में वरिष्ठ पत्रकार यतीश शर्मा, धीरज भटनागर, राज किरण गुप्ता, ओम प्रकाश मिश्रा और पवन पारीक ने संयुक्त सचिव ललित कुमार से मुलाकात की और नायला योजना के आवंटन दस्तावेज तथा ज्ञापन दिया। पत्रकारों ने उन्हें बताया कि 571 आवंटी किसी भी तरह गलत नहीं है। उन्होंने सरकार के हर नियम का पालन किया है, लेकिन उनके आवंटित हो चुके प्लॉट के पट्टे नहीं दिए जा रहे हैं। इस संबंध में केवल मुख्यमंत्री जी ही उनकी समस्या हल कर सकते हैं। 37 दिन से सीएमआर आ रहे पत्रकारों की मुख्यमंत्री से शीघ्र मुलाकात कराई जाए। इस पर संयुक्त सचिव ने कहा कि आवंटी पत्रकारों की पीड़ा मुख्यमंत्री जी समझते हैं और वे आगामी दो दिन और व्यस्त हैं। इसके बाद वे पत्रकारों से भी मिलेंगे। आवंटी पत्रकारों ने बताया कि मुख्यमंत्री से मिलने तक 5-5 आवंटियों के जत्थे रोज सीएमआर जाते रहेंगे।