जयपुर ब्यूरो रिपोर्ट।
देश का 74वां गणतंत्र दिवस शासन सचिवालय परिसर में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। यहां राजस्थान सचिवालय कर्मचारी संघ द्वारा आयोजित समारोह में मुख्य सचिव उषा शर्मा ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया। इससे पूर्व शर्मा ने परिसर में स्थापित राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की। समारोह को सम्बोधित करते हुए मुख्य सचिव ने कहा कि सचिवालय के सभी अधिकारी-कर्मचारी एक परिवार की तरह हैं और सुशासन में सभी की वही भूमिका है, जो शरीर में रीढ की हड्डी की होती है। उन्होंने राज्य सरकार की योजनाओं एवं कार्यक्रमों के क्रियान्वयन में सभी अधिकारियों और कर्मचारियों की भूमिका की सराहना की। मुख्य सचिव ने कहा कि अल्प समय में हमने 'ई-फाइल' के रुप में गुड गवर्नेस का मॉडल साकार कर के दिखाया। सभी के सहयोग के बिना यह संभव नहीं था। मुख्य सचिव ने उपस्थित सभी अधिकारियों-कर्मचारियों को गणतंत्र दिवस की बधाई दी। समारोह में सचिवालय के कर्मचारियों एवं उनके बच्चों द्वारा मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी गईं। इस अवसर पर उत्कृष्ट सेवाओं के लिए अधिकारियों-कर्मचारियों को सम्मानित भी किया गया। कार्मिक विभाग के प्रमुख शासन सचिव हेमन्त गेरा एवं राजस्थान सचिवालय कर्मचारी संघ के अध्यक्ष कपिल देव के अतिरिक्त विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी समारोह में उपस्थित रहे।

0 टिप्पणियाँ