भरतपुर ब्यूरो रिपोर्ट।
भरतपुर शहर की गोपालगढ़ कॉलोनी में एक दोस्त ने अपने दोस्त को घर बुलाकर गोली मार दी। व्यक्ति की पीठ में गोली लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को आरबीएम जिला अस्पताल में भर्ती कराया, जहां से उसकी गंभीर हालत को देखते हुए जयपुर के लिए रेफर कर दिया गया। पुलिस घटना की जांच में जुटी है। दरअसल शहर के हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी निवासी आदित्य सिंह ने बताया कि वह शनिवार शाम को अपने पिता संजय को उनके गोपालगढ़ निवासी दोस्त कृष्ण कुमार उर्फ बेबी के घर छोड़ कर आया था। उसके करीब 1 घंटे बाद आदित्य की मां का फोन आया कि उसके पिता को गोली लग गई है। आदित्य ने बताया कि वो जब कृष्ण कुमार के घर पहुंचा, तब तक उसके घायल पिता को आरबीएम जिला अस्पताल में भर्ती करा दिया गया था। आदित्य ने बताया कि कृष्ण कुमार ने उसके पिता को गोली क्यों मारी इसके बारी में कोई जानकारी नहीं है। मथुरा गेट थाना प्रभारी रामनाथ सिंह ने बताया कि गंभीर रूप से घायल संजय को आरबीएम जिला अस्पताल से जयपुर के लिए रेफर कर दिया है। घटना की गंभीरता से जांच की जा रही है। बताया जा रहा है कि संजय और कृष्ण कुमार दोनों दोस्त हैं। बिना किसी झगड़े के संजय को उसका बेटा गोपालगढ़ निवासी कृष्णकुमार के घर छोड़कर आया था। आशंका है कि बेटा के छोड़कर जाने के बाद दोनों दोस्तों में किसी बात को लेकर विवाद हुआ और उसी में कृष्णकुमार ने संजय को गोली मार दी। गोली संजय की पीठ में लगी। घटना के बाद मथुरा गेट थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंच गई।