अलवर ब्यूरो रिपोर्ट।
अलवर के बानसूर कस्बे में नकाबपोश बदमाश व्यापारी से मारपीट कर 6.50 लाख रुपये लूटकर फरार हो गए। घटना में व्यापारी के ताऊ को चोट आई है। सूचना पर बानसूर पुलिस मौके परर पहुंची और घटनास्थल का मौका मुआयना किया। घटना का सीसीटीवी फुटेज पुलिस के हाथ लगा है। घायल व्यक्ति को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। व्यापारी चिराग शेखावत ने बताया कि वह अपनी दुकान बंदकर घर जा रहा था। इसी दौरान मोटरसाइकिल पर सवार होकर आए नकाबपोश बदमाशों ने व्यापारी के साथ मारपीट की और उसके पास से रुपयों से भरा बैग लेकर फरार हो गए। बैग में कुल 6.50 लाख रुपए बताए जा रहे हैं। पूरी घटना सीसीटीवी में कैद हो गई। घटना में व्यापारी के ताऊ धूडाराम के सिर पर चोट आई है। वारदात के बाद कॉलोनी में भीड़ जमा हो गई। ग्रामीणों ने इसकी सूचना बानसूर पुलिस को दी। बानसूर थाना अधिकारी हेमराज सराधना ने बताया कि मामला दर्ज कर जांच की जा रही है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर बदमाशों की तलाश की जा रही है।