जयपुर ब्यूरो रिपोर्ट।
प्रदेश में अब भी सर्दी का सितम जारी है। कड़ाके की ठंड ने ठिठुरन बढ़ा दी है तो लोग सर्द हवाओं से बचने को घरों की चार दीवारियों में दुबके बैठे हैं। इसी बीच आज से पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से न्यूनतम तापमान में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी की संभावना जताई जा रही है। जिसके प्रभाव से पश्चिमी राजस्थान के ऊपर एक प्रेरित परिसंचरण तंत्र बनने की संभावना है। जिसके असर के बाद से ही कुछ भागों में बारिश की गतिविधियों में बढ़ोतरी होने के आसार हैं। इसके अलावा आज दक्षिण-पश्चिम राजस्थान को छोड़कर अधिकांश स्थानों पर मेघ गर्जन के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है तो कहीं-कहीं पर ओलावृष्टि की भी संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार शनिवार को उदयपुर, जयपुर, अजमेर, कोटा, जोधपुर, बीकानेर संभाग में कहीं-कहीं पर हल्की से मध्यम वर्षा होने की संभावना है। मौसम विभाग ने करीब 24 जिलों में ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी किया है। अजमेर, भीलवाड़ा, बूंदी, चित्तौड़गढ़, राजसमंद, टोंक और पाली में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। यहां पर ओलावृष्टि, मेघ गर्जन के साथ बारिश और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना है। वहीं, बांसवाड़ा, बारां, डूंगरपुर, जयपुर, झालावाड़, झुंझुनू, कोटा, प्रतापगढ़, सवाई माधोपुर, सीकर, सिरोही, उदयपुर, बाड़मेर, चूरु, जालौर, जोधपुर और नागौर में येलो अलर्ट जारी किया गया है। इन जिलों में मेघ गर्जन के साथ बारिश होने के साथ ही 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। जयपुर मौसम केंद्र के निदेशक राधेश्याम शर्मा के मुताबिक सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से प्रदेश के कुछ भागों में आज से बारिश की गतिविधियों में बढ़ोतरी होने की संभावना है। 29 जनवरी को अधिकांश भागों में इस तंत्र का असर रहने की प्रबल संभावना है। साथ ही 30 जनवरी को केवल उत्तर और उत्तर पूर्वी भागों में बारिश की गतिविधियां जारी रहने की संभावना है।

0 टिप्पणियाँ