जयपुर/हनुमानगढ़।
सेकंड ग्रेड भर्ती परीक्षा में पेपर लीक मामले को लेकर मंगलवार को हनुमानगढ़ का युवक आशीष गौतम राजधानी जयपुर में अमर जवान ज्योति पर सरकार और विपक्ष के खिलाफ रोष व्यक्त करते हुए मौन व्रत पर बैठ गया आशीष ने मौन पर बैठने से पहले बताया कि पिछले 5 सालों में एक भी भर्ती सरकार सही तरीके से पूरी नहीं करवा पाई है। चाहे वह लाइब्रेरियन का पेपर हो ,चाहे कॉन्स्टेबल का, चाहे वह पटवार का पेपर हो ,या फिर शिक्षक भर्ती सेकंड ग्रेड का,हर जगह सरकार नाकाम हुई है और युवाओं का भरोसा तोड़ उनके साथ खिलवाड़ करती रही है। आशीष ने गहलोत सरकार पर आरोप लगाया कि पिछली बार आरएएस भर्ती घोटाले में उस समय के शिक्षा मंत्री डोटासरा का नाम आने के बाद सरकार ने उन्हें शिक्षा मंत्री के पद से तो हटा दिया लेकिन उनकी वफादारी का इनाम देते हुए कांग्रेस का प्रदेश अध्यक्ष बना दिया और इस बात की आपत्ति विपक्ष ने भी नहीं जताई। इसीलिए अभी वह चाहते हैं कि राजस्थान के सभी नकारा विधायक चाहे वह सत्ता पक्ष के या विपक्ष के ,अपने पद से इस्तीफा दे और घर बैठ जाएं। राजस्थान के युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ करने वाले लोगों की तस्वीरें राजस्थान की तीनों प्रमुख पार्टियों के नेताओं के साथ वायरल हो रही है, जो बेहद चिंताजनक स्थिति है। भारतीय जनता पार्टी ,कांग्रेस, राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी को जनता के बीच आकर यह बताना चाहिए की इनके नेताओं के संबंध पेपर लीक माफिया से है या नहीं। अमर जवान ज्योति पर बैठे आशीष गौतम को पुलिस ने जबरन वहां से हटा दिया और धारा 144 की बात कह कर वहां बैठने से मना किया, आशीष ने मौन व्रत के बाद पुलिसकर्मियों से पूछा कि धारा 144 में तो 4 या 7 से अधिक लोगों के प्रदर्शन की मनाही होती है मेरे अकेले के मौन रहने से सरकार को क्या खतरा हो सकता है। जिस पर पुलिस वाले बिना जवाब दिए वहां से चले गए।

0 टिप्पणियाँ