चित्तौड़गढ़-गोपाल चतुर्वेदी।
राजस्थान में लगातार बेरोजगारों के साथ हो रहे खिलवाड़ और भर्ती परीक्षाओं के पेपर आउट होने की घटनाओं से क्षुब्ध होकर सोमवार को राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी की ओर से युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष सागर चौधरी के नेतृत्व में राज्यपाल के नाम एक ज्ञापन सौंपा गया जिसमें पेपर लीक करने वालों पर कठोर कार्रवाई करने की मांग की गई है। इसके बारे में जानकारी देते हुए आरएलपी के युवा मोर्चा जिला अध्यक्ष सागर चौधरी ने बताया कि पिछले 4 वर्षों में मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने बेरोजगारों को रोजगार देने के नाम पर छलावा किया है। जिसमें एक दर्जन से अधिक परीक्षाओं के पेपर लीक हुए हैं और इस कारण से यह परीक्षाओं को रद्द भी करना पड़ा है। जिसमें प्रमुख रुप से आर एस प्री भर्ती परीक्षा, आरपीएससी, एलडीसी भर्ती परीक्षा, जेल प्रहरी भर्ती परीक्षा, कांस्टेबल भर्ती परीक्षा, लाइब्रेरियन भर्ती परीक्षा, जेईन सिविल भर्ती परीक्षा, रीट भर्ती परीक्षा,कांस्टेबल भर्ती परीक्षा,वनरक्षक भर्ती परीक्षा के साथ अभी हाल ही में वरिष्ठ अध्यापक भर्ती परीक्षा के जीके का पेपर लीक हुआ है, कहीं ना कहीं सरकार नकल माफियाओं और भ्रष्ट अधिकारियों पर लगाम नहीं लगा पा रही है इसी कारण से लगातार पेपर लीक होने की घटनाओं में वृद्धि हो रही है। जिसका सबसे अधिक खामियाजा उन बेरोजगार युवाओं को उठाना पड़ रहा है जो कि इन भर्ती परीक्षाओं में तैयारी के साथ पेपर देने के लिए आते हैं और जब उन्हें मालूम पड़ता है कि पेपर लीक हो गया है तो दुखी मन से वह किसी न किसी तरह से सरकार और संबंधित एजेंसी को कोसते हुए दिखाई देते हैं। उन्होंने पेपर लीक होने की घटनाओं की जांच तत्काल प्रभाव से सीबीआई से करवाने की मांग भी की है और साथ ही राज्य के शिक्षा मंत्री तथा लोक सेवा आयोग के अध्यक्ष को भी बर्खास्त करने की मांग की है।इस अवसर पर युवा मोर्चा प्रदेश मंत्री हर्षल विहान, सोशल मीडिया मंत्री अजय जाट, जिला मंत्री रतनलाल, गंगरार ब्लॉक उपाध्यक्ष रतनलाल, रानीखेड़ा के श्यामलाल जाट, नारायण जाट, रोशन लाल, शिवलाल सहित बड़ी संख्या में आरएलपी युवा मोर्चा के पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

0 टिप्पणियाँ