सवाई माधोपुर-हेमेंद्र शर्मा।
इंदिरा रसोई के स्टेट नोडल अधिकारी नवीन भारद्वाज मंगलवार को सवाईमाधोपुर के दौरे पर रहे । जहाँ उन्होंने नगर परिषद स्थित इंदिरा रसोई का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने रसोई में बनने वाले भोजन की गुणवत्ता को जांचा । इस दौरान नोडल अधिकारी नवीन भारद्वाज ने इंदिरा रसोई के भण्डार घर, टोकन काउंटर, साफ सफाई की व्यवस्थाओं का भी जायजा लिया। साथ ही इंदिरा रसोई में भोजन करने आए लोगों से बातचीत कर व्यवस्थाओं के बारे में जानकारी ली। इसी के साथ ही व्यवस्थाओं को दुरस्त करने के दिशा निर्देश भी अधिकारियों को दिए। इस दौरान नोडल अधिकारी ने कहा कि निरीक्षण के दौरान यहां सभी व्यवस्थाएं सही तरीके के संचालित होते हुई पाई गई। यहां हाथ धोने की व्यवस्था से लेकर भोजन के लिए बैठने की व्यवस्था भी अच्छी थी। इसके लिए उन्होंने संबंधित रसोई संचालक एवं अधिकारियों को बधाई भी दी। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का संकल्प ‘कोई भी भूखा ना सोये’ की संकल्पना साकार करने की दिशा में इंदिरा रसोई एक बड़ा कदम है। मुख्यमंत्री द्वारा शुरू की गई इस योजना से प्रदेश के हजारों जरुरतमंदों को लाभ पहुंच रहा है। उन्होंने कहा कि जरूरतमंद लोगों को सुबह व शाम का भोजन 8 रुपए में सहजता से उपलब्ध हो रहा है। जिससे विशेष रूप से मजदूर वर्ग, यात्री गण और बाहर रह कर पढ़ाई कर रहे स्टूडेंट्स को राहत मिली है। उन्होंने संचालक को गुणवत्तापूर्ण ताज़ा भोजन प्रतिदिन के मैन्यू के अनुसार उपलब्ध करवाने के निर्देश दिए। इस दौरान नगर परिषद के लेखाधिकारी राम कल्याण मीणा, सफाई निरीक्षक गजेन्द्र सिंह राजावत, जिला प्रबंधक रामेन्द्र कुमार शर्मा मौजूद रहे।फिलहाल सवाई माधोपुर जिले में कुल 22 इंदिरा रसोई संचालित है। इनमें से नगर परिषद सवाई माधोपुर व गंगापुर सिटी में 9-9, बामनवास नगर पालिका में 3 व बौंली नगर पालिका में 1 रसोई संचालित है। जिला स्तरीय समिति किसी एनजीओ के माध्यम से इन इंदिरा रसोई को संचालित कर रही है। रसोई संचालक को प्रति थाली 25 रुपए प्राप्त होते हैं। इनमें से 8 रुपए लाभार्थी से व 17 रुपए राज्य सरकार से अनुदान प्राप्त होता है।

0 टिप्पणियाँ