सवाई माधोपुर-हेमेंद्र शर्मा।
सवाई माधोपुर जिले के गंगापुर सिटी उपखंड क्षेत्र के अमरगढ़ गांव में अज्ञात चोरों ने दो मकानों को निशाना बनाते हुए लाखों रुपए के जेवरात एंव नकदी पर हाथ साफ कर दिया और चोर चोरी की वारदात को अंजाम देकर रफूचक्कर हो गए । चोरी की वारदात की सूचना मिलने पर गंगापुर सिटी के पूर्व विधायक मानसिंह गुर्जर भी कार्यकर्ताओं के साथ अमरगढ़ गांव पहुंचे। जहां वारदात के शिकार हुए गिरिराज एवं गजराज सिंह राजपूत के घर मौका मुआयना किया तथा वारदात की जानकारी ली। दोनों पीड़ित द्वारा जानकारी देते हुए बताया गया कि एक घर पर लगभग 15 लाख रुपए की कीमत के सोने-चांदी के जेवरात अज्ञात चोरों द्वारा चुरा लिए गए तथा दूसरी जगह पर भी 15 से 20 लाख रुपए की वारदात को अंजाम दिया गया। क्षेत्र में चोरी की बड़ी वारदात होने के चलते ग्रामीणों में बेहद आक्रोश व्याप्त है। वारदात की सूचना पीड़ित पक्ष द्वारा कोतवाली पुलिस को भी दी गई। कोतवाली पुलिस द्वारा मौका मुआयना करने के पश्चात मामला दर्ज किया गया है तथा पुलिस द्वारा अज्ञात चोरों की तलाश की जा रही है।