दौसा ब्यूरो रिपोर्ट।
बीजेपी की ओर से जन आक्रोश यात्रा आयोजित किए जाने के एलान के बाद एक बार फिर सियासी बयानबाजी शुरू हो चुकी है। दौसा दौरे पर आए पीसीसी चीफ गोविंद सिंह डोटासरा ने केंद्र सरकार के खिलाफ जनाक्रोश होने की बात कही। इस पर राज्यसभा सांसद डॉक्टर किरोड़ी लाल मीणा ने पलटवार किया है। उन्होंने कहा कि पूरे देश में कोई जनाक्रोश नहीं है। गुजरात में भाजपा प्रचंड बहुमत से आ रही है और राजस्थान की जनता में जनाक्रोश है। क्योंकि राजस्थान में कानून व्यवस्था तार-तार हो चुकी है। जगह-जगह पुजारियों की हत्या की जा रही है। कानून व्यवस्था पूरी तरह चौपट हो चुकी है। राजसमंद, दौसा और जयपुर पुजारी हत्याकांड इसके उदाहरण हैं। उन्होंने कहा कि ब्यूरोक्रेसी और राजनेताओं में तालमेल नहीं है। बीकानेर में एक मंत्री कलेक्टर को गेट आउट कहता है तो दूसरा मंत्री दौसा में सीनियर आरएएस अधिकारी को गेट आउट कहता है। ऐसे में पूरे राजस्थान में जन आक्रोश है। किरोड़ी लाल मीणा ने कहा कि केंद्र सरकार ने राजस्थान को 12 लाख मीट्रिक टन यूरिया खाद की सप्लाई की। जबकि प्रदेश सरकार ने केवल आठ लाख मीट्रिक टन यूरिया खाद की डिमांड की थी। चार लाख मीट्रिक टन यूरिया अधिक आने के बावजूद भी लुटेरों की ओर से खाद की कालाबाजारी की जा रही है। उन्होने कहा कि किसानों को पर्याप्त खाद नहीं मिल पा रहा है और किसी किसान को 1-2 कट्टे मिलते हैं तो वे ओवर रेट में मिलते हैं। उन्होंने कहा कि न जनता को बिजली मिल पा रही है और न पर्याप्त पानी। ऐसे में जनाक्रोश तो राजस्थान की सरकार के खिलाफ है और उसका परिणाम आगामी चुनाव में देखने को मिलेगा।

0 टिप्पणियाँ