जयपुर ब्यूरो रिपोर्ट।
जयपुर के मालपुरा गेट थाना इलाके में एक नाबालिग को दोस्ती का झांसा देकर देहशोषण करने का मामला सामने आया है। 15 वर्षीय पीड़िता के पेट में दर्द होने पर जब उसकी मां उसे दिखाने अस्पताल पहुंची, तब पता चला कि बेटी प्रेग्नेंट है। इसके बाद पीड़िता की मां ने थाने पहुंच नरेश नामक व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज करवाया है। मालपुरा गेट थानाधिकारी रायसर सिंह ने बताया कि फरवरी माह में पीड़िता की मुलाकात नरेश नामक युवक से हुई। धीरे-धीरे नरेश ने उससे दोस्ती कर ली और फोन पर बात करना शुरू कर दिया। नरेश ने उसे अपने प्रेम जाल में फांस लिया और उसका देहशोषण करना शुरू कर दिया। कुछ दिनों से पीड़ित की तबियत खराब देख मां उसे दिखाने अस्पताल ले गई तो वहां पता चला कि वह मां बनने वाली है। यह सुनकर मां के पैरों की जमीन खिसक गई और जब पीड़िता से बात की तब जाकर नरेश की करतूतों का पता चला। दरअसल पीड़िता की मां एक निजी कंपनी में काम किया करती है। पीड़िता की मां के कंपनी में काम करने चले जाने के बाद नरेश ने पीछे से उसके घर आना शुरू कर दिया। इसके बाद भी वह चोरी छिपे पीड़िता से मिलता रहता। मोबाइल से बातचीत करने के बाद वह घर आ जाता। 15 दिन से पीड़िता की तबियत खराब होने पर आरोपी ने पीड़िता के घर आना बंद कर दिया। वहीं जब पीड़िता के परिवार के सदस्यों को उसके प्रेग्नेंट होने का पता चला तो उसके बाद पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई गई। फिलहाल, पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर आरोपी की तलाश करना शुरू किया है।

0 टिप्पणियाँ