सीकर ब्यूरो रिपोर्ट।
सीकर जिले के खाटूश्यामजी और चूरू जिले के सालासर मंदिर में दर्शन कर अपने पैतृक गांव किठाना की प्राइमरी स्कूल के भवन की नींव रखने के लिए 8 सितंबर को उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ आ रहे हैं। उपराष्ट्रपति बनने के बाद पहली बार वे 8 सितंबर को अपने पैतृक गांव प्रातः 10:30 बजे जयपुर से हेलीकॉप्टर से किठाना गांव पहुंचेंगे। जहां वे लगभग ढाई घंटे के कार्यक्रम में उप राष्ट्रपति जगदीप धनखड़ किठाना गांव में गोपीनाथजी मंदिर में दर्शन करेंगे। फिर स्कूल भवन की नींव रखेंगे। उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ के स्कूली मित्रों को उनके आने का बेसब्री से इंतजार है। ग्रामीणों द्वारा गांव के मुख्य चौक में उनके नागरिक अभिनंदन को लेकर स्टेज बनाया जा रहा है। किठाना आने पर वे जिस स्कूल में उन्होंने शुरुआती शिक्षा ग्रहण की। उसी स्कूल के भवन की आधारशिला रखेंगे। प्रिंसीपल सुमन थाकन ने जानकारी देते हुए बताया कि करीब 70 लाख रुपये की लागत से बनने वाले स्कूल भवन की आधारशिला रखेंगे। उप राष्ट्रपति जगदीप धनखड़ इसके बाद वे चूरू के सालासर बालाजी धाम के लिए हेलीकॉप्टर से रवाना होंगे। सालासर में दर्शनों के बाद भी सीकर के खाटू श्याम के दर्शन करेंगे। जिला कलक्टर डॉ. अमित यादव ने बताया कि उप राष्ट्रपति धनखड़ दोपहर 1.15 बजे सालासर से हेलिकॉप्टर से रवाना होकर दोपहर 2 बजे खाटूश्यामजी में हेलीपैड पहुंचेंगे। यहां वे अधिकारियों से परिचय लेंगे। इसके बाद उप राष्ट्रपति धनखड़ दोपहर 2:05 बजे खाटूश्यामजी में हेलीपैड से सड़क मार्ग द्वारा 2:10 बजे खाटूश्यामजी मंदिर पहुंचेंगे और पूजा-दर्शन करेंगे। उप राष्ट्रपति दोपहर 2:40 बजे खाटूश्यामजी मंदिर से रवाना होकर 2.45 बजे हेलिपैड पहुंचेंगे  और दोपहर 2.50 बजे खाटूश्यामजी से हेलिकॉप्टर से जयपुर एयरपोर्ट के लिए रवाना होंगे। जिला कलक्टर डॉ. अमित यादव ने व्यवस्थाओं का जायजा लेकर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने मौके पर अतिक्रमण हटाने और विद्युत लाइनों को अन्यत्र स्थानांतरित करने के सम्बंध में भी विद्युत विभाग के कनिष्ठ अभियंता को निर्देशित दिए। इस दौरान दांतारामगढ़ उपखंड अधिकारी अर्चना चौधरी, कनिष्ठ अभियंता सार्वजनिक निर्माण विभाग अलका मील, थानाधिकारी सुभाष यादव सहित व्यवस्थाओं से जुड़े संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।