जयपुर ब्यूरो रिपोर्ट।
जयपुर के सेज थाना इलाके में स्थित नेवटा बांध में शनिवार शाम सेल्फी लेने के दौरान नाव पलटने से चार युवक पानी में डूब गए। जिनमें से दो युवक तैर कर पानी से बाहर आ गए। वहीं दो युवक गहरे पानी में समा गए। घटना की जानकारी मिलने के बाद सिविल डिफेंस टीम ने रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया। जिसके बाद एक युवक की लाश बरामद की गई। वहीं पानी में डूबे दूसरे युवक की तलाश अभी भी जारी है। पुलिस सिविल डिफेंस और एसडीआरएफ टीम मिलकर रेस्क्यू ऑपरेशन चला रही है। थानाधिकारी सत्यपाल सिंह ने बताया रामनगर सोडाला निवासी गौरव जसोरिया अपने बनीपार्क निवासी दोस्त सक्षम तांबी के साथ शनिवार शाम नेवटा बांध घूमने गया था। जहां एक नाव वाले से बांध के अंदर घुमाने की बात कहकर दोनों उस नाव पर सवार हो गए। नाविक के साथ एक स्थानीय युवक सुरेश गुर्जर भी नाव में सवार था। इस दौरान पानी के बीच गौरव और सक्षम सेल्फी लेने लगे तो नाव का बैलन्स बिगड़ गया, जिससे नाव में सवार चारों युवक पानी में गिर गए। इस दौरान नाविक और गौरव पानी में तैर कर बाहर आ गए, लेकिन सक्षम और सुरेश तैरना नहीं जानने के चलते गहरे पानी में डूब गए। पानी से बाहर निकलने के बाद गौरव और नाविक ने स्थानीय लोगों को इसकी सूचना दी। जिसके बाद पुलिस और सिविल डिफेंस की टीम मौके पर पहुंची और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया। जहां सुरेश की लाश बरामद की जा चुकी है वहीं सक्षम की तलाश अभी जारी है।