जयपुर ब्यूरो रिपोर्ट।
प्रदेश के चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री परसादी लाल मीणा ने बड़ा बयान देते हुए कहा है कि मैं चाहता हूं कि अशोक गहलोत ही प्रदेश के मुख्यमंत्री बने। उन्होंने कहा कि पिछले कुछ वर्षों से मैं उनके साथ काम कर रहा हूं तो ऐसे में उनसे बेहतर व्यक्ति मुख्यमंत्री के लिए कोई दूसरा नहीं है। राजेंद्र गुढ़ा की ओर से पायलट को लेकर दिए गए बयान पर चिकित्सा मंत्री परसादी लाल मीणा ने कहा कि प्रदेश का अगला मुख्यमंत्री कौन होगा यह आलाकमान ही तय करेगा। सोनिया गांधी जिसे चाहेंगी वही राजस्थान का मुख्यमंत्री बनेगा।परसादी लाल मीणा ने कहा कि राजस्थान और छत्तीसगढ़ में सरकार रिपीट करना जरूरी है, नहीं तो देश का लोकतंत्र खतरे में आ जाएगा। ऐसे में अशोक गहलोत और सोनिया गांधी सरकार रिपीट करने के प्रयास कर रहे हैं। दरअसल मुख्यमंत्री अशोक गहलोत कांग्रेस राष्ट्रीय अध्यक्ष का चुनाव लड़ेंगे ये तय हो चुका है। गहलोत खुद साफ कर चुके हैं कि वो राष्ट्रीय अध्यक्ष की कुर्सी संभालेंगे तो राजस्थान के मुख्यमंत्री की कुर्सी छोड़ देंगे। ऐसे में राजस्थान ही नहीं देश की जनता के जेहन में यह सवाल दौड़ रहे हैं, कि मुख्यमंत्री अशोक गहलोत पद नामांकन भरने के साथ ही छोड़ेंगे या फिर 19 अक्टूबर को रिजल्ट आने के बाद। इससे भी बड़ा यक्ष प्रश्न ये है कि गहलोत की कुर्सी का उत्तराधिकारी कौन होगा? वो गांधी परिवार की पहली पसंद सचिन पायलट होंगे, सीपी जोशी होंगे, गोविंद डोटासरा या कोई और!