जयपुर ब्यूरो रिपोर्ट।
महंगाई के खिलाफ प्रदेश भर में कांग्रेस सड़कों पर दिखी। जयपुर में महंगाई और बेरोजगारी के खिलाफ सिविल लाइंस फाटक पर कांग्रेस का धरना प्रदर्शन हुआ। जिसमें मंत्री प्रतापसिंह खाचरियावास, महेश जोशी, गोविंद राम मेघवाल, पूर्व मंत्री राजेंद्र पारीक,पूर्व केंद्रीय मंत्री नमो नारायण मीणा, विधायक मनोज मेघवाल, मदन प्रजापत, पूर्व विधायक सोना देवी बावरी, पूर्व महापौर ज्योति खंडेलवाल सहित कई बोर्ड- निगमों के चेयरमैन शामिल हुए। इसके बाद सभी ने गिरफ्तारी दी। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा के नेतृत्व में प्रदेश के मंत्रियों, विधायकों और कांग्रेस नेताओं ने महंगाई के खिलाफ न केवल धरन-प्रदर्शन किया गया।
सत्ताधारी दल होने के बावजूद कांग्रेस पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा समेत सरकार के मंत्रियों, विधायकों और संगठन से जुड़े नेताओं ने अपनी गिरफ्तारी दी। इस दौरान डोटासरा ने कहा कि केंद्र सरकार महंगाई से लोगों की कमर तोड़ रही है। पहले से ही डीजल ,पेट्रोल और खाद्य वस्तुओं की कीमतें आसमान छू रही हैं और उसपर अब जीएसटी लगाकर आम जनता को और परेशान किया जा रहा है। डोटासरा ने कहा कि प्रमुख मुद्दों से ध्यान हटाने के लिए केंद्र की मोदी सरकार एजेंसियों का दुरुपयोग कर रही है और कांग्रेस के नेताओं को ईडी की कार्रवाई से डराने की कोशिश कर रही है। डोटासरा ने कहा कि भले ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाए। जेलों में डाल दिया जाए लेकिन कांग्रेस कार्यकर्ता आम जनता की समस्या को उठाने से नहीं रुकेगा और जनता की बात उठाने के लिए कांग्रेस को जो भी कदम उठाना पड़ेगा वह पार्टी उठाएगी। कांग्रेस के नेताओं और मंत्रियों ने सांकेतिक रूप से गिरफ्तारी दी जिसके बाद उन्हें विद्याधर नगर ले जा कर छोड़ दिया गया।

0 टिप्पणियाँ