जयपुर ब्यूरो रिपोर्ट।
आर्थिक एवं सांख्यिकी विभाग के निदेशक ओम प्रकाश बैरवा ने स्पष्ट किया है कि उनके द्वारा फेसबुक एवं ट्विटर पर डमी अकाउंट बनाने का कोई भी आदेश जारी नहीं किया गया है। इस संबंध में सवाईमाधोपुर में पदस्थापित सहायक निदेशक अधिकारी, सतीश कुमार सहारिया को निलम्बित कर दिया गया है एवं उनके विरूद्ध एफआईआर दर्ज करवाई गई है। आर्थिक एवं सांख्यिकी विभाग निदेशक ने सवाईमाधोपुर पुलिस अधीक्षक को एक पत्र लिख कर प्रकरण में एफआईआर दर्ज कर जांच करने को कहा है। बैरवा ने कहा कि सहारिया का एक पत्र ब्लॉक सांख्यिकी अधिकारियों को संबोधित करते हुए प्रसारित हो रहा है, जिसमें उनके द्वारा दिये गए निर्देशों का जिक्र करते हुए फेसबुक एवं टिवट्र पर डमी अकाउण्ट बनाने का उल्लेख किया गया है। उन्होंने बताया कि विभाग द्वारा ऐसा कोई पत्र जारी नहीं किया गया है और उक्त पत्र कूटरचित है। यह कृत्य सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम, 2000 के अन्तर्गत अपराध है, अतः पुलिस प्रकरण में जांच कर दोषी के विरूद्ध कार्यवाही करें। विभाग ने एक अन्य आदेश जारी कर सहारिया को राजस्थान सिविल सेवाएं (वर्गीकरण, नियंत्रण एवं अपील) नियम 1958 के नियम 13 के अन्तर्गत निलंबित कर दिया है। निलम्बन काल में सहारिया का मुख्यालय आर्थिक एवं सांख्यिकी निदेशालय, जयपुर रहेगा।

0 टिप्पणियाँ