जयपुर ब्यूरो रिपोर्ट।
प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के तहत प्रदेश के अल्प आय वर्ग के 54 हजार से अधिक परिवारों का अपना घर का सपना साकार हो सकेगा। मुख्य सचिव उषा शर्मा की अध्यक्षता में शासन सचिवालय में प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) की स्टेट लेवल सेंक्शनिंग एण्ड मॉनिटरिंग कमेटी (एसएलएसएमसी) की बैठक आयोजित की गई। बैठक में नगरीय निकाय, विभिन्न विकास प्राधिकरण एवं यूआईटी के परिधि क्षेत्र में आने वाले गांवों के चिन्हित लाभार्थियों के लिए 54 हजार 665 आवासों के प्रस्तावों को स्वीकृति दी गई। बैठक में बताया गया कि चिन्हित 54 हजार 665 लाभार्थियों को योजना के तहत आवास निर्माण के लिए 1 लाख 50 हजार रूपये प्रति आवास के अनुसार करीब 820 करोड़ रूपये की अनुदान राशि उपलब्ध करवाई जाएगी। बैठक में नगरीय विकास विभाग के प्रमुख सचिव कुंजीलाल मीणा, स्वायत्त शासन विभाग के सचिव जोगाराम, रूडसिको की कार्यकारी निदेशक पुष्पा सत्यानी सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।