भरतपुर ब्यूरो रिपोर्ट।
वाई प्लस सिक्योरिटी होने के बाद भी भरतपुर से भाजपा सांसद रंजीता कोली पर खनन माफिया ने पथराव कर दिया। पथराव में सांसद की कार के कांच टूट गए। नाराज सांसद ने धिलावटी पुलिस चौकी पर 8 घंटे तक धरना दिया। घटना भरतपुर के कामां इलाके में रविवार रात को हुई। भाजपा सांसद कोली दिल्ली से अपने घर बयाना जा रही थी। जैसे ही सांसद कामां थाने इलाके में पहुंची तो उन्हें अवैध खनन के पत्थरों से भरे वाहन मिले। सांसद ने रोकने की कोशिश की तो खनन माफियाओं ने कार पर पथराव कर दिया। घटना लेवड़ा मोड़ की है। खनन माफिया पथराव करते हुए फरार हो गए। पथराव के बाद भाजपा सांसद रंजीता कोली ने धिलावटी पुलिस चौकी पर रात साढ़े 11 बजे धरना शुरू कर दिया। सूचना पर कलक्टर आलोक रंजन और एसपी श्याम सिंह मौके पर पहुंचे। कलक्टर-एसपी जल्द ही आरोपियों को पकड़ने का आश्वासन दिया। आश्वासन मिलने के बाद सोमवार सुबह साढ़े 7 बजे सांसद ने धरना खत्म किया। भरतपुर से भाजपा सांसद रंजीता कोली ने कहा कि मुझे मारने की कोशिश की गई। पथराव से दो मिनट पहले गाड़ी से नहीं उतरते तो हादसा हो जाता। हम खेतों में गिर गए। गांव वालों से पूछिए, उन्होंने पत्थरबाजी की आवाज सुनी।सांसद ने कहा कि डीजीपी कहते हैं कि मैं अवैध खनन को रुकवा रहा हूं। एसपी श्याम सिंह कहता है कि मुझे कोई लेना-देना नहीं है। चीफ सेक्रेटरी और इन सबने ड्रामा कर रखा है। सांसद ने एक ट्रक के क्लीनर को पेश करते हुए कहा कि इसके सामने मेरी गाड़ी पर पथराव हुआ। हमले के समय सांसद के काफिले में तीन गाड़ियां थी। जिसमें से एक पुलिस की ,दूसरी रंजीता कोली की गाड़ी थी। तीसरी वाई प्लस सिक्योरिटी की गाड़ी थी, जिसमें सीआईएसएफ के जवान बैठे थे। जब सांसद ने पत्थरों से भरे ओवरलोड वाहनों को रोकने के लिए अपनी कार वाहनों के सामने लगाई तो खनन माफियाओं ने पथराव कर दिया।

0 टिप्पणियाँ