उदयपुर ब्यूरो रिपोर्ट।
उदयपुर के खांजीपीर इलाके में तंग गलियों के बीच कन्हैयालाल हत्याकांड का आरोपी गौस मोहम्मद का घर है। वह अपने मोहल्ले के लोगों से बिल्कुल अलग रहता था। गौस सहारा इंडिया की पॉलिसी करवाने और कलेक्शन एजेंट का काम करता था। उसके मोहल्ले वालों के मुताबिक कन्हैया के दोनों हत्यारे गाैस और रियाज की मुलाकात भी इंश्योरेंस पॉलिसी के लिए ही हुई थी। गौस के घर में किराने की दुकान भी है। जिसे उसके पिता चलाते थे। गौस के घर में उसके माता-पिता, पत्नी और दो बच्चे थे। लगभग 12 साल पहले गौस की शादी हुई थी।मोहल्लेवासी अकबर ने बताया कि मोहल्ले में काफी लोगों ने गौस के जरिए से सहारा इंडिया में पैसा लगाया। कम्पनी डूब गई। मेरा खुद का 1.60 लाख रुपया डूब चुका है। कई लोगों के पैसे डूब चुके हैं। मौहम्मद गौस के ही मोहल्ले में रहने वाली रुकसाना खान ने बताया कि रियाज जब्बार से उसकी सहारा इंडिया के काम के चलते ही दोस्ती हुई थी। रियाज भी उसके बच्चों के नाम का पैसा डालता था। इसी कारण दोनों का मेल-मिलाप हुआ है। इसके अलावा दोनों का कोई कनेक्शन या दोस्ती नहीं थी। गौस पठान परिवार से था, वहीं रियाज लौहार परिवार से था। गौस का परिवार मजहबी पढ़ाई को लेकर मोहल्ले के लोगों को टोकता भी रहता था।