पाली-मनोज शर्मा।
जोधपुर संभाग के संभागीय आयुक्त कैलाश चन्द मीना पाली जिले के दौरे पर रहे। जहां उन्होंने जिला परिषद सभागार में जिला स्तरीय अधिकारियों के साथ बैठक कर सरकार की बजट घोषणाओं, फ्लेगशिप व जनकल्याणकारी योजनाओं व विकास कार्यों की समीक्षा की। इस अवसर पर जिला कलक्टर नमित मेहता भी मौजूद रहे। संभागीय आयुक्त मीना ने मुख्यमंत्री बजट घोषणा के तहत जिले की घोषणाओं की प्रगति की जानकारी ली एवं बजट घोषणाओं के क्रियान्विति शत प्रतिशत व जल्द करने के निर्देश दिए। उन्होंने सरकार की फ्लैगशिप योजनाओं जिनमें मुख्यमंत्री निशुल्क निरोगी राजस्थान योजना, शुद्ध के लिए युद्ध अभियान, मुख्यमंत्री निशुल्क जांच योजना चिरंजीवी स्वास्थ्य बीमा योजना की समीक्षा की।
उन्होंने शुद्ध के लिए युद्ध अभियान के तहत ज्यादा से ज्यादा सैंपल लेकर जांच करने व मिलावट पाए जाने पर सख्त कार्रवाई करने तथा चिरंजीवी स्वास्थ्य बीमा योजना के तहत आमजन को ज्यादा से ज्यादा लाभान्वित करने के निर्देश दिए।संभागीय आयुक्त ने रसोइयों की समीक्षा करते हुए कहा कि समस्त अधिकारी इंदिरा रसोई का विजिट कर रसोई के खाने की गुणवत्ता व अन्य सुविधाओं की जांच करे। जिला कलक्टर ने विभागीय अधिकारियों को स्वयं के विभाग से संबधित फ्लेगशिप व जन कल्याणकारी योजनाओं की नियमित अंतराल में मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए जिससे कि जिले में बेहतर क्रियान्वयन हो सके।
योजनाओं की भी की समीक्षा।
संभागीय आयुक्त व जिला कलक्टर ने रसद विभाग की गेहूं वितरण, शिक्षा विभाग के महात्मा गांधी अंग्रेजी माध्यम स्कूलों व काली बाई भील एवं देवनारायण छात्रा स्कूटी योजना के वितरण, सामाजिक न्याय अधिकारिता विभाग की विभिन्न पेंशन योजनाओ सहित अन्य विभागों की महत्वपूर्ण योजनाओं की विस्तार से समीक्षा कर जिले में बेहतर प्रगति लाने आमजन को योजनाओं से ज्यादा से ज्यादा लाभान्वित करने के निर्देश दिए।बैठक में अतिरिक्त जिला कलक्टर चंद्रभान सिंह भाटी, जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी वीरेंद्र सिंह चौधरी ,जिला रसद अधिकारी श्रीमती सुमित्रा पारीक सहित जिले के समस्त विभागों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
आमजन को पट्टे किए वितरित।
संभागीय आयुक्त व जिला कलक्टर ने प्रशासन शहरों के संग अभियान के तहत पुराना हाऊसिंग बोर्ड, गणेश पार्क स्थित सामुदायिक भवन में आयोजित शिविर का अवलोकन किया। अवलोकन के दौरान उन्होंने पूछताछ केंद्र व विभिन्न स्टॉल्स पर जाकर आवेदन पत्रों व अन्य महत्वपूर्ण विषयों की विस्तार से जानकारी ली।
उन्होंने शिविर में आये आमजन को विभिन्न श्रेणियों के पट्टे भी वितरित किए जिसे पाकर आमजन ने राज्य सरकार व जिला प्रशासन का आभार व्यक्त किया। संभागीय आयुक्त ने नगरीय निकाय अधिकारियों को अभियान के अंतर्गत लक्ष्य से ज्यादा पट्टे वितरित करने व अन्य समस्याओं के निस्तारण के निर्देश दिए। उन्होंने जनप्रतिनिधियों अधिकारियों से अपील करते हुए कहा कि अभियान का ज्यादा से ज्यादा प्रचार प्रसार किया जाए जिससे की आमजन को कैंप स्थल व नये नियमों की जानकारी सहज व सरल रूप से मिल सके व कैंप की पूर्व आवश्यक तैयारियां करे। इस अवसर पर संभागीय आयुक्त व जिला कलक्टर द्वारा पौधरोपण भी किया गया। इस दौरान नगर विकास न्यास के सचिव वीरेंद्र सिंह चौधरी ,पाली उपखंड अधिकारी ललित गोयल, नगर परिषद सभापति रेखा राकेश भाटी, नगर परिषद आयुक्त बृजेश राय सहित अन्य जनप्रतिनिधि व अधिकारी मौजूद रहे।

0 टिप्पणियाँ