करौली ब्यूरो रिपोर्ट।
करौली जिले के नादौती इलाके के कैमला गांव स्थित बैंक ऑफ बड़ौदा शाखा में बैंक प्रबंधक पर पिस्तौल तानकर बदमाशो ने लाखों रुपए की नगदी लूटने की घटना को अंजाम दिया है। अज्ञात बदमाश बैंक शाखा परिसर में पिस्तौल से फायरिंग करते हुए बैंक शाखा से 9 लाख 65 हजार रुपए की राशि को लूटकर फरार हो गए। लूट की घटना की सूचना पुलिस को मिलने पर पुलिस अधीक्षक नारायण टोगस घटनास्थल पर पहुंचे। जानकारी के अनुसार करौली जिले के उपखंड नादौती अंतर्गत कैमला गांव में स्थित बैंक शाखा बैंक ऑफ बड़ौदा में मंगलवार को तीन अज्ञात बदमाशों ने बैंक परिसर में पिस्तौल से फायरिंग करते हुए बैंक कर्मचारियों को बंधक बना डाला और बैंक प्रबंधक पर पिस्तौल तानकर बैंक शाखा से 9 लाख 65 हजार रुपए की राशि लूट कर फरार हो गए। बैंक शाखा से अज्ञात नकाबपोश बदमाशों द्वारा रुपए लूटने की खबर मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया और सूचना मिलते ही खुद पुलिस अधीक्षक नारायण टोगस, टोडाभीम सीओ फूलचंद मीणा घटनास्थल पर पहुंच गए और घटना की जानकारी ली। अज्ञात बदमाशों का पता लगाने के लिए पुलिस सीसीटीवी कैमरे खंगालने के साथ जांच में जुट गई है। टोडाभीम सीओ फूलचंद ने बताया कि सीसीटीवी कैमरे खगाले जा रहे हैं। प्रारंभिक जांच पड़ताल में तीन बदमाशों ने बैंक में डकैती डाली है। शीघ्र ही घटना का खुलासा कर दिया जाएगा।

घटना को लेकर ग्रामीणों में बढ़ा आक्रोश, बैंक की लापरवाही आई सामने।

बैंक शाखा बैंक ऑफ बड़ौदा मे तीन अज्ञात बदमाशों द्वारा पिस्तौल से फायरिंग करते हुए बैंक कर्मचारियों को बंधक बनाकर लाखों रुपए की लूट की घटना को अंजाम देने मे बैंक शाखा की लापरवाही भी खुलकर सामने देखने को मिली है। ग्रामीणों द्वारा बताया गया कि इसी बैंक शाखा में फरवरी 2018 में भी पूर्व में 20 लाख रुपए की लूट की वारदात को अंजाम दिया गया था। उस समय भी बैंक शाखा में सुरक्षाकर्मी नहीं था और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम नहीं होने तथा वर्तमान समय में भी कोई सुरक्षाकर्मी बैंक शाखा द्वारा नहीं लगाकर रखने के कारण एक बार फिर बेखौफ बदमाशों के द्वारा लूट की वारदात को अंजाम दिया गया है। जिससे ग्रामीणों ने खुलकर बैंक शाखा पर लापरवाही बरतने के आरोप लगाए हैं। फिलहाल पुलिस लुटेरो को पकड़ने के लिए जगह-जगह दबिश दे रही है।