डूंगरपुर-प्रवेश जैन।
डूंगरपुर शहर से सटे कुशाल मगरी महादेव कॉलोनी में कुछ बदमाशो ने आधी रात को एक घर पर जमकर उत्पात मचाया। इससे डरे परिवार के लोगों ने पुलिस को फोन किया। लेकिन पुलिस आती इससे पहले बदमाशो ने घर के दरवाजे, खिड़कियां और गाड़ी तोड़ दी। बदमाशो के इस हंगामे का पूरा वीडियो घर पर लगे सीसीटीवी में कैद हो गया। घटना को लेकर कोतवाली पुलिस बदमाशो की तलाश कर रही है। कुशाल मगरी महादेव कॉलोनी निवासी  चिंतन जोशी ने कोतवाली थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई है। चिंतन जोशी ने बताया की 27 जुलाई की रात के समय वे अपनी पत्नी मनीषा और बेटे के साथ घर पर थे। बेटा सो गया था, जबकि वे बातचीत कर रहे थे। रात करीब डेढ़ बजे मुंह पर कपड़ा बांधे तीन बदमाश युवक उनके गेट पर आए। गेट का ताला तोड़कर अंदर घुस गए। इसके बाद बदमाशो ने हंगामा और गाली - गलोच करते हुए घर के दरवाजों, खिड़कियों पर लट्ठ और मुक्के मारे। दरवाजों पर लगे कांच तोड़ दिए। किचन की खिड़की तोड़ दी। वही मेन दरवाजे की खिड़की तोड़ते हुए दरवाजे को भी तोड़ने का प्रयास किया।बदमाशो के हंगामे से वे काफी डर गए और घर में ही रहे। इसी दौरान उन्होंने पुलिस को फोन किया। बदमाशो ने घर के बरामदे में रखी स्कूटी के भी कांच तोड़ दिए। चिंतन ने ये भी बताया की मैन दरवाजे का कुछ हिस्सा बदमाशो ने तोड़ दिया, जिस पर वे और उसकी पत्नी दरवाजे को धक्का मारकर बचते रहे। लेकिन बदमाशो ने टूटे हिस्से से हाथ डालकर उसकी गिरेबान पकड़ ली। ओर उसे बाहर खींचते हुए निकालने का प्रयास करते रहे। करीब 8 मिनट तक हंगामे, तोड़फोड़ के बाद कोतवाली पुलिस की टीम पहुंची लेकिन इससे पहले बदमाश भाग गए। ये पूरी घटना घर पर लगे सीसीटीवी में कैद हो गई, जिसमे बदमाश तोड़फोड़ और हंगामा करते नजर आ रहे है। घटना को लेकर चिंतन ने कुशलमगरी निवासी मयूर पारगी, कपिल रोत व अन्य के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करवाई है। रिपोर्ट में ये भी बताया है कि बदमाश जान से मारने की नियत से उनके घर पर हमलावर होकर आए थे। वही तोड़फोड़ का वीडियो भी पुलिस को दिया है।  कोतवाली सीआई सुरेंद्र सिंह ने बताया घटना को लेकर जांच की जा रही है और बदमाशो की तलाश कर रहे है।