जयपुर ब्यूरो रिपोर्ट।
एनडीए की राष्ट्रपति पद की उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू बुधवार को वोट की अपील करने जयपुर पहुंची। भाजपा और आदिवासी समाज की ओर से जयपुर में उनका आदिवासी संस्कृति और राजस्थानी परम्परा से स्वागत हुआ। भाजपा विधायक दल के उपनेता प्रतिपक्ष राजेन्द्र राठौड़ को चुनाव एजेंट बनाया गया। भाजपा विधायक दल के सचेतक विधायक जोगेश्वर गर्ग और भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता और विधायक रामलाल शर्मा को को-कॉर्डिनेटर की जिम्मेदारी दी गई।
इससे पहले जयपुर एयरपोर्ट से लेकर होटल तक उनका तीन जगह स्वागत हुआ। आदिवासी नृत्य, लोक गीत-संगीत के कार्यक्रम हुए। एयरपोर्ट पर भाजपा नेताओं के साथ शहर के कार्यकर्ताओं ने मुर्मू का स्वागत किया। इसके बाद भाजपा महिला मोर्चा की ओर से तिलक लगाकर और माला पहनाकर मुर्मू पर फूल बरसाए।
भाजपा एसटी मोर्चा और आदिवासी समाज की ओर से होटल के बाहर स्वागत का कार्यक्रम रखा गया। कार्यक्रम स्थल पर ब्रेकफास्ट के दौरान भा ज पा नेताओं, एसटी मोर्चा, महिला मोर्चा, ST वर्ग से आने वाले कई जनप्रतिनिधि, ब्यूरोक्रेट्स, प्रोफेशनल्स,सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि,एनजीओ संचालकों की मुर्मू से मुलाकात हुई। इसके बाद भाजपा के सांसद-विधायकों के साथ बैठक में द्रौपदी मुर्मू का अलग से परिचय कराया गया। मुर्मू ने सभी से वोट की अपील की। भाजपा दूसरी पार्टियों के विधायकों से भी वोट की अपील कर रही है। इसके लिए भाजपा ने कांग्रेस, आरएलपी, बीटीपी और निर्दलीय विधायकों से भी सम्पर्क साधना शुरू कर दिया है।

0 टिप्पणियाँ