जयपुर ब्यूरो रिपोर्ट।
एनडीए की राष्ट्रपति उम्मीदवार द्रोपदी मुर्मू के स्वागत कार्यक्रम में प्रवेश को लेकर भाजपा राज्यसभा सदस्य डॉ. किरोड़ी लाल मीणा और भाजपा विधायक दल के उप नेता राजेंद्र राठौड़ आपस में भिड़ गए। भाजपा के डॉ.मीणा ने उदयपुर और बांसवाड़ा से आए आदिवासी कुछ नेताओं और कार्यकर्ताओं को कार्यक्रम में प्रवेश नहीं देने पर उपनेता प्रतिपक्ष राजेंद्र राठौड़ को जमकर खरी-खोटी सुनाई। जवाब में राठौड़ ने भी किरोड़ी को लहजा सुधारने की नसीहत दी। काफी देर तक दोनों नेताओं के बीच बहस चलती रही। मामला इतना बढ़ गया कि केंद्रीय जलशक्ति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने बीच-बचाव कर मामला शांत करवाया। दरअसल होटल क्लार्क्स आमेर में द्रौपदी मुर्मू के स्वागत कार्यक्रम में केवल उन्हीं नेताओं को प्रवेश दिया जा रहा था, जिनके पास बने हुए थे।डॉ.किरोड़ीलाल  मीणा आदिवासी जिलों के कुछ नेताओं-कार्यकर्ताओं के साथ स्वागत के लिए पहुंचे थे।विवाद की शुरुआत एयरपोर्ट पर ही हो गई थी। डॉ.किरोड़ीलाल मीणा के साथ आए आदिवासी नेताओं को पास नहीं होने का हवाला देकर कार्यक्रम में प्रवेश नहीं देने की बात कही तो डॉ. किरोड़ी लाल मीणा भड़क गए। एयरपोर्ट पर ही भाजपा के कुछ नेताओं को खरी खोटी सुनाई और यहां तक कह दिया कि चाटुकारों की भीड़ इकट्ठा कर रखी है। सैकड़ों किलोमीटर से चलकर आने वालों से पास पूछ रहे हैं। उनके साथ आए कार्यकर्ताओं को जब गेट पर रोका गया तो वे नाराज हो गए। डॉ.किरोड़ीलाल मीणा आदिवासी नेताओं को अंदर लेकर पहुंच गए। इस दौरान कुछ नेताओं ने भाजपा का झंडे ले रखा था। इस पर केंद्रीय जल शक्ति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत और राजेंद्र राठौर ने झंडा बाहर रखने को कहा। शेखावत ने भाजपा के पक्ष में नारेबाजी नहीं करने की भी नसीहत दे दी। डॉ किरोड़ी लाल मीणा अपने कार्यकर्ताओं के साथ नाराज होकर लौट गए।