श्रीगंगानगर से राकेश मितवा।
श्रीगंगानगर में लगातार बरसात होने के बाद जिला प्रशासन द्वारा पानी निकासी करते हुये व्यवस्था सुचारू बनाने के प्रयास जारी हैं। लगातार दूसरे दिन गंगानगर विधायक  राजकुमार गौड़ और जिला कलक्टर सहित जिला प्रशासन के अधिकारी बरसात से प्रभावित क्षेत्रों में रहे। सेना और जिला प्रशासन के लगातार प्रयासों के बाद अधिकांश बरसाती पानी की निकासी हो गई है। 80 प्रतिशत तक क्षेत्र में विद्युत आपूर्ति भी बहाल है। विधायक गौड़ ने बताया कि भारी बरसात के बाद लगातार पानी की निकासी होने की वजह से हालात में सुधार है और मुख्य मार्गों सहित जलभराव वाले क्षेत्रों से अस्सी प्रतिशत से अधिक पानी की निकासी हो गई है। शुक्रवार को जयपुर से लौटने के बाद से लगातार विधायक स्वयं पानी निकासी की व्यवस्थाओं का अवलोकन कर रहे हैं। देर रात 3 बजे तक उन्होंने जस्सा सिंह मार्ग पर पानी निकासी की व्यवस्थाओं को देखा। नगर विकास न्यास सचिव मुकेश बारेठ, तहसीलदार  तनवीर संधू उनके साथ रहे। इसके पश्चात विधायक गौड़ ने सद्भावना नगर, वृद्धाश्रम रोड, सूरतगढ़ रोड, सुखड़िया सर्किल, स्वामी दयानंद मार्ग, प्रताप मार्केट, कपड़ा मार्केट, सहित अन्य स्थानों का दौरा कर बरसाती पानी निकासी की व्यवस्थाएं देखीं। अवलोकन के पश्चात सेना के साथ-साथ पानी निकासी व्यवस्था में सहयोग करने वाले सभी अधिकारियों, कर्मचारियों और आमजन का आभार व्यक्त करते हुए विधायक ने कहा कि ऐसी प्राकृतिक आपदा के समय प्रत्येक सहयोग और सहयोग करने वाला महत्वपूर्ण है।इससे पूर्व जिला कलक्टर रुक्मणि रियार सिहाग ने एडीएम प्रशासन डॉ. हरीतिमा, एसडीएम मनोज कुमार मीणा, नगर विकास न्यास सचिव मुकेश बारेठ, नगर परिषद आयुक्त  विश्वास गोदारा,  गौतम लाल सहित अन्य अधिकारियों के साथ बरसात से प्रभावित क्षेत्रों का दौरा कर हालात का जायजा लिया। जिला कलक्टर ने बताया कि सेना और जिला प्रशासन की टीम द्वारा मिलकर लगातार जलभराव वाले क्षेत्रों से बरसाती पानी की निकासी की जा रही है। उन्होंने बताया कि सेना की 3 यूनिट अभी निकासी के काम में जिला प्रशासन का सहयोग कर रही हैं। अधिकांश क्षेत्रों से निकासी हो गई है। जल्द ही निकासी व्यवस्था सुचारू हो जाएगी। पावर हाउस में पानी भरने की वजह से शहरी क्षेत्र की विद्युत आपूर्ति में बाधा आई। पानी की निकासी करवाते हुए 80 प्रतिशत क्षेत्र में विद्युत आपूर्ति भी बहाल हो गई है। शेष क्षेत्रों में भी जल्द ही आपूर्ति बहाल करने के प्रयास जारी हैं।