श्रीगंगानगर-राकेश मितवा।
श्रीगंगानगर में एक लाख स्थानों सहित बीकानेर संभाग के चारों जिलों में पांच लाख स्थानों पर 9 से 15 अगस्त तक तिरंगा झंडा फहराया जाएगा। ग्राम पंचायत से लेकर जिला स्तर तक विभिन्न प्रतियोगिताएं होंगी। तिरंगा यात्राएं और प्रभात फेरियां निकाली जाएंगी। सोशल मीडिया पर विशेष अभियान चलाया जाएगा। प्रत्येक ग्राम पंचायत पर विशेष ग्राम सभाओं का आयोजन भी होगा। संभागीय आयुक्त डॉ. नीरज के. पवन ने  ‘हर घर तिरंगा, हर मन तिरंगा’ अभियान की पूर्व तैयारियों से संबंधित वीडियो कांफ्रेंस के दौरान यह निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अभियान के तहत बीकानेर में दो लाख तथा चूरू, श्रीगंगानगर और हनुमानगढ़ में एक-एक लाख स्थानों पर तिरंगा फहराया जाएगा। सभी स्कूलों, कॉलेजों, राशन डीपो, आंगनबाड़ी एवं चिकित्सा केन्द्रों, पटवार मंडलों से जिला कलक्टर कार्यालय, पुलिस चौकियों से लेकर पुलिस अधीक्षक कार्यालयों तक तिरंगा झंडा फहराया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस अभियान से आमजन को भी जोड़ा जाएगा तथा ग्राम पंचायत तक लक्ष्य निर्धारित करते हुए पूरे संभाग में देश भक्ति की भावना का संचार किया जाएगा। संभागीय आयुक्त ने कहा कि ध्वजारोहण के दौरान झंडा संहिता के सभी नियमों की पालना सुनिश्चित करवाई जाए। इसके लिए 20 जुलाई और 5 अगस्त को ग्राम पंचायत स्तर तक विशेष ग्राम सभाएं आयोजित करने तथा नगरीय निकायों में पार्षदों की बैठकें आयोजित करते हुए इन नियमों की जानकारी देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान में किसी प्रकार की कोताही नहीं हो, इसका विशेष ध्यान रखा जाए। उन्होंने कहा कि लक्ष्य के अनुरूप संख्या में तिरंगे झंडे की व्यवस्था कर ली जाए तथा इनके वितरण के दौरान झंडा संहिता की प्रति भी साथ दी जाए। जिला स्तर पर विशाल तिरंगा यात्रा निकलेगी। इसमें आमजन को भी भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। इस दौरान गंगानगर जिला कलक्टर रुक्मणि रियार सिहाग, पुलिस अधीक्षक आनंद शर्मा, जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी  मुहम्मद जुनैद, अतिरिक्त कलक्टर (सतर्कता) कमला अलारिया, डॉ. गिरधारीलाल मेहरड़ा, डॉ. जीआर मटोरिया, रीना छीम्पा, सुरेश कुमार, रणजीत सिंह सहित अन्य वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से जुड़े रहे।