श्रीगंगानगर-राकेश मितवा।
पिछले तीन दिनों से श्रीगंगानगर में हो रही भारी बारिश के कारण आमजन, किसान व व्यापारी वर्ग को हुए नुकसान की क्षतिपूर्ति प्रदेश सरकार द्वारा करने हेतु लोकसभा सांसद निहाल चन्द ने प्रदेश के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत को पत्र लिखा है।सांसद के द्वारा पत्र के माध्यम से प्रदेश के मुख्यमंत्री को श्रीगंगानगर शहर के खराब हालातों की जानकारी देता हुए बताया है। श्रीगंगानगर शहर में पिछले 3 दिनों से हो रही मूसलाधार बारिश के कारण यहाँ बाढ़ जैसी स्थिति उत्पन्न हो गई है और आमजन समेत किसान, व्यापारी सभी को बहुत परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है । सामान्य जीवन पूरी तरह से अस्त-व्यस्त हो गया है । लोगों के घरों और दुकानों में बारिश का पानी घुस गया है। जिस कारण लोगों को बड़े पैमाने पर आर्थिक क्षति पहुंची है। अत्याधिक पानी शहर में घुसने और करंट लगने से 2 लोगों की मृत्यु भी हो गई है।अनुमान के मुताबिक भारी वर्षा के कारण क्षेत्र में ज्वार व मूंग की लगभग 20 प्रतिशत फसलों को नुकसान पहुंचा है।भारतीय सेना के द्वारा बड़े पैमाने पर राहत और बचाव के कार्यों में प्रशासन की मदद करने के कारण इस भयावह स्थिति को कुछ हद तक संभाला गया है। लेकिन आमजन, व्यापारी व किसान वर्ग को बड़े पैमाने पर आर्थिक नुकसान पहुंचा है। सांसद निहाल चन्द ने आपदा और संकट की इस घडी में मुख्यमंत्री से इस विषय पर गंभीरता से विचार करते हुए जल्द से जल्द श्रीगंगानगर के आमजन, किसान, व्यापारी वर्ग और पीड़ित परिवारों को राहत पहुंचाते हुए आर्थिक क्षतिपूर्ति करवाने और नुकसान का सर्वे करवाकर उचित मुआवजा राशि जारी करने की मांग की है।

0 टिप्पणियाँ