जयपुर ब्यूरो रिपोर्ट।
गुरुकुल विश्वविद्यालय स्थापना सत्यापन के लिए बनाई गई समिति की फर्जी जांच रिपोर्ट मामले में राज्यपाल कलराज मिश्र ने उदयपुर मोहनलाल सुखाड़िया विश्वविद्यालय के कुलपति अमेरिका सिंह को निलंबित कर दिया है। राजस्थान विधानसभा सत्र में पिछले दिनों भाजपा ने गुरुकुल विश्वविद्यालय सत्यापन जांच रिपोर्ट में फर्जीवाड़ा का खुलासा किया था। निजी विश्वविद्यालय सत्यापन के लिए बनाई गई राज्य स्तरीय समिति में अमेरिका सिंह अध्यक्ष थे।
ये है पूरा मामला।
कुछ माह पहले राजस्थान विधानसभा के बजट सत्र में जब गुरुकुल विश्वविद्यालय सीकर की स्थापना से जुड़ा विधेयक पारित करने के लिए रखा गया तब भाजपा नेता राजेंद्र राठौड़ और गुलाबचंद कटारिया ने इस बात का खुलासा किया कि निजी विश्वविद्यालय के सत्यापन से जुड़ी जिस जांच रिपोर्ट के आधार पर यह बिल लाया गया है उसकी जांच रिपोर्ट ही फर्जी है। मतलब इस विश्वविद्यालय का न तो स्ट्रक्चर खड़ा हुआ और न ही रिपोर्ट में जो जानकारी दी गई वह सब सही हैं। खुद विधानसभा अध्यक्ष ने सीकर कलेक्टर से सामने आए तथ्यात्मक घटनाक्रम की जानकारी जुटाई तो यह सही साबित हुआ जिसके बाद यह विधेयक पारित नहीं हुआ। हालांकि सुखाड़िया विश्वविद्यालय उदयपुर के कुलपति प्रोफेसर अमेरिका सिंह की अध्यक्षता में इस विश्वविद्यालय के सत्यापन के लिए जो कमेटी बनी थी वह विवादों में जरूर आ गई क्योंकि उसी की रिपोर्ट के आधार पर यह बिल विधानसभा में पारित करने के लिए रखा गया था।
25 मार्च को बनी कमेटी, अब तक ये निलंबित।
विधानसभा में यह मामला उठा तो सत्यापन समिति का फर्जीवाड़ा सामने आया और उसमें शामिल अधिकारी, सदस्यों पर कार्रवाई के साथ ही जांच के लिए जयपुर संभागीय आयुक्त की अध्यक्षता में कमेटी का गठन किया गया। इस कमेटी में संभागीय आयुक्त दिनेश यादव के अलावा तीन अन्य सदस्यों को भी शामिल किया गया। समिति ने अपनी जांच रिपोर्ट में सत्यापन समिति में शामिल तीन लोगों के निलंबन की अनुशंसा की। इसमें उदयपुर विश्वविद्यालय के प्रोफेसर जीएस राठौड़, राजकीय विधि महाविद्यालय अलवर के सहायक आचार्य डॉ. विजय बेनीवाल और आचार्य को निलंबित कर दिया गया लेकिन इसी सत्यापन समिति के संयोजक और सुखाड़िया विश्वविद्यालय उदयपुर के कुलपति प्रोफेसर अमेरिका सिंह के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की गई। हालांकि पूर्व में जिन लोगों के खिलाफ अनुशंसा की गई थी उन पर कार्रवाई कर दी गई लेकिन वीसी अमेरिका सिंह के विरुद्ध कोई कदम नहीं उठाए जाने से नाराज नेता प्रतिपक्ष गुलाबचंद कटारिया ने सरकार और राज्यपाल को पिछले दिनों पत्र लिखा था। ऐसे में अब अमेरिका सिंह पर भी कार्रवाई करते हुए उन्हें निलंबित कर दिया गया और धारा 11 'क' के तहत अनुशासनात्मक कार्रवाई के लिए भी अनुशंसा की गई है।

0 टिप्पणियाँ