करौली ब्यूरो रिपोर्ट।
राज्य सरकार की ओर से चलाए जा रहे प्रशासन शहरों के संग अभियान का शुक्रवार को हिण्डौन नगर परिषद परिसर में आयोजित एक समारोह के साथ शुभारंभ हुआ। शुभारंभ समारोह मे जिला कलेक्टर अंकित कुमार सिंह ने शिविरों के दौरान लोगों को अधिक से अधिक संख्या में लाभान्वित करने के निर्देश दिए, वही आमजन से भी शिविरों का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील भी की। समारोह मे जिला कलेक्टर ने बताया कि प्रशासन शहरों के संग अभियान 2021 जो राज्य सरकार की ओर से गत 2 अक्टूबर 2021 को शुरू किया गया था। इसमें पुरानी आबादी में फ्री होल्ड पट्टे, कृषि भूमि नियमों की योजनाओं में पट्टे देना, स्टेट ग्रांट एक्ट में पट्टे देना, लघु अवधि लीज की संपत्तियों को फ्री होल्ड, लीज होल्ड से फ्री होल्ड, पूर्व में जारी पंजीकृत पट्टों का पंजीयन, नामांतरण, उप विभाजन या पुनर्गठन व भू- उपयोग परिवर्तन पश्चात नये पट्टे देना आदि कार्यों को संपादित किया गया जो दूसरे चरण में भी जारी रहेगा। उन्होंने समारोह में उपस्थित सभी लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि अब शिविरों का दूसरा चरण भी शुरू हो चुका है जो लोग शिविरों से लाभान्वित होने से अब तक वंचित थे वे शिविरों का लाभ उठाएं और अपने आवासीय, गैर आवासीय, व्यवसाय आदि भूखंडों का पट्टा प्राप्त कर लें। इस दौरान उन्होंने सभी अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि शिविरों के आयोजन का अधिक से अधिक प्रचार प्रसार किया जावे और ज्यादा से ज्यादा लोगों को लाभान्वित कर पूरे प्रदेश भर में नंबर वन पर पहुंचने के लिए कार्य किया जावे । कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे नगर परिषद आयुक्त कीर्ति कुमावत ने कहा कि गत 2 अक्टूबर से आयोजित शिविरों के दौरान हिंडौन नगर परिषद की ओर से 1826 पट्टे जारी कर दिए गए हैं। उन्होंने बताया 90 ए व 90 बी 1419 के पट्टे जारी किए गए हैं। वही 69 ए के 109 पट्टे, स्टेट ग्रांट के 160, यूआईटी स्कीम के 55, उपविभाजन व पुनर्गठन के 48 और खाँचा भूमि का एक पट्टा जारी किया गया है । कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे नगर परिषद के सभापति बृजेश कुमार जाटव ने राज्य सरकार की विभिन्न जन कल्याणकारी योजनाओं के बारे में चर्चा करते हुए सरकार द्वारा शुरू किए गए प्रशासन शहरों के संग अभियान की खूब सराहना की। उन्होंने कहा कि इन अभियानों के दौरान लोगों ने अपने भवनों और भूखंडों का वास्तविक मालिकाना हक प्राप्त कर लिया है और जो लोग अभी तक वंचित रह गए हैं उनसे भी अपील करते हुए कहा कि शीघ्र ही अपने भवनों और भूखंडों के पट्टे लेने के लिये शीघ्र आवेदन करें। उन्होंने कहा कि नगर परिषद में आपके आवेदनों पर तत्काल प्रभाव से कार्यवाही की जावेगी और तुरंत पट्टे जारी किए जाएंगे। इस अवसर पर उपखंड अधिकारी एवं शिविर मे प्रभारी अधिकारी अनूप सिंह तहसीलदार धर्म सिंह, अतिरिक्त प्रशासनिक अधिकारी राजेश पाठक, राजस्व निरीक्षक पूनम सिंह, सिराज अहमद, सत्येंद्र पाराशर, केशव सिंह, बलराम गर्ग, अरिहंत जैन आदि उपस्थित रहे।
नगर पालिका टोडाभीम मे आयोजित शिविर का किया निरीक्षण।
जिला कलक्टर अंकित कुमार सिंह ने प्रशासन शहरों के संग 15 जुलाई से शुरू हुए शिविर का टोडाभीम नगर पालिका के वार्ड नं. 1 मे आयोजित शिविर का निरीक्षण किया एवं उन्होने वार्ड वासियों से अपील की कि आयोजित शिविरों का अधिक से अधिक लाभ उठायें एवं उन्होने उपस्थित अधिकारियों को शिविर आयोजित करने से पूर्व तैयारी करने एवं शिविर के दौरान किये गये कार्याे की रिपोर्ट प्रतिदिन जिला स्तर पर भिजवाने के भी निर्देश दिये। इस दौरान उपखंड अधिकारी एवं शिविर प्रभारी दुर्गाप्रसाद मीना, तहसीलदार पृथ्वीराज मीना सहित नगर पालिका अध्यक्ष अमृता सियाराम सहित अन्य कार्मिक उपस्थित रहे।