हनुमानगढ़-विश्वास कुमार।
हनुमानगढ़ जिला बैड़मिन्टन संघ द्वारा आयोजित जिला स्तरीय बैडमिंटन प्रतियोगिता का आगाज सतीपुरा बाईपास स्थित एक्सपर्ट स्पोटर्स पर समारोहपूर्वक हुआ। उद्धाटन समारोह के मुख्य अतिथि पूर्व जलसंसाधन मंत्री डॉ. रामप्रताप, विशिष्ट अतिथि पूर्व सभापति राजकुमार हिसारिया, समाजसेवी व खेलप्रेमी अजय ज्याणी, जिला खेल अधिकारी शमशेर सिंह, लॉयन्स क्लब के वरिष्ठ सदस्य राधेश्याम सिंगला, एसकेडी विश्वविद्यालय के संस्थापक बाबुलाल जुनेजा, जुड़ो कोच विनीत बिश्नोई, कोच संजय बिश्नोई, बैडमिंटन कोच कार्तिक थे। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला बैडमिन्टन संघ के अध्यक्ष अमित सहू ने की। इस अवसर पर जिला बैडमिंटन संघ के सचिव नरेन्द्र खिलेरी सहित सदस्यों के द्वारा आए हुए अतिथियों का माला साफा व स्मृति चिन्ह भेंट कर अभिनंदन किया गया। प्रतियोगिता की शुरूवात अतिथियों द्वारा खिलाड़ि़यों का परिचय लेकर व बैडमिन्टन सर्विस करके की। पूर्व मंत्री डॉ. रामप्रताप ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए खिलाड़ियों को खेल की भावना से खेलने का आह्वान किया।
उन्होने कहा कि एक्सपर्ट स्पोटर्स द्वारा शानदान इंडोर बैडमिन्टन कोर्ट बनाकर जिले के खेलप्रेमियों को बड़ी सौगात दी है। उन्होने कहा कि वर्तमान में अब खेल भी कॅरियर का प्रमुख अंग हो गया है। यह केवल मानसिक एवं शारीरिक विकास ही नहीं, बल्कि कॅरियर का भी प्रमुख आधार बन गया है। खेल में जीत व हार नहीं, बल्कि खेल भावना सर्वाेपरि होती है। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए एसकेडी विश्वविद्यालय के संस्थापक बाबुलाल जुनेजा व जुड़ो कोच विनीत बिश्नोई ने खिलाड़ियों व उनके अभिभावकों को जिले की खेल प्रतिभाओं के बारे में बताते हुए कहा कि कम उम्र से ही बच्चों को खेलों से जुड़ना बेहद आवश्यक है। उन्होने कहा कि अगर बच्चे कक्षा 12 वीं के बाद युनिवर्सिटी में प्रवेश लेकर गेम खेलेगे तो वह सीधा नेशनल गेम में राज्य व जिले का प्रतिनिधित्व कर पायेगे। उन्होने कहा कि विश्वविद्यालय से टूनामेंट खेलने से बच्चों को खेलों व उनके करियर में बेहद लाभ मिलता है। जिला बैडमिन्टन संघ के सचिव नरेन्द्र खिलेरी ने बताया कि उक्त टूनामेंट तीन दिन तक चलेगा। जिसमें अब तक 200 से अधिक खिलाड़ी अपना रजिस्ट्रेशन करवा चुके है। उन्होने कहा कि जिला स्तर पर विजेता रहने वाले खिलाड़ी राज्य स्तर पर जिले का प्रतिनिधित्व करेगे और उसके बाद राष्ट्रीय स्तर पर राज्य का प्रतिनिधित्व करेगे। उन्होने बताया कि जिले में बैडमिन्टन की अनेकों प्रतिभाएं है जिन्हे संघ द्वारा प्रोत्साहित कर उचित मार्गदर्शन के बल पर मंच उपलब्ध करवाया जा रहा है जिससे कि वह अपनी प्रतिभा को निखाकर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा सके। इस मौके पर विनोद जाँदू कोषाध्यक्ष, अंपायर धर्मराज, कार्तिक, अंपायर गगनदीप, सीनियर खिलाडी रतन सोनी सहित अन्य खेल प्रेमी मौजूद थे।

0 टिप्पणियाँ